एडेन मार्करम ने तैयारी शुरू की
भारतीय टीम को सुपर-8 में अपना पहला मैच साउथ अफ्रीका से खेलना है। दोनों टीमों की टक्कर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को होगी। इस मैच से पहले एडेन मार्करम अभिषेक शर्मा के लिए तैयारी कर रहे हैं। अभ्याय सत्र के दौरान उन्होंने राउंड द विकेट से बाएं हाथ के बल्लेबाज को बॉलिंग की। वह उसी तरह की गेंद डालने की कोशिश कर रहे थे, जैसी आर्यन दत्त ने अभिषेक शर्मा को डाली थी। गेंद गिरने के बाद अंदर आई और अभिषेक बोल्ड हो गए।
8 मैच में 5 बार डक हो चुके अभिषेक
अभिषेक शर्मा के लिए 2026 का साल कुछ खास नहीं रहा है। अभी तक इस साल खेले 8 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 5 बार उनका खाता नहीं खुला है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में वह दो बार डक पर आउट हुए थे। हालांकि इसके बाद भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनका खेलना तय दिख रहा है। भारत के पास संजू सैमसन का ऑप्शन है लेकिन उनकी फॉर्म भी ठीक नहीं चल रही है।
अभिषेक शर्मा का दमदार रिकॉर्ड
25 साल के अभिषेक ने भारत के लिए 41 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 34 की औसत और 192 की स्ट्राइक रेट से 1297 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 8 फिफ्टी हैं। भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी 135 रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड भी अभिषेक शर्मा के नाम ही दर्ज है। ओवरऑल टी20 क्रिकेट में अभिषेक ने 8 शतक की मदद से 5100 रन बनाए हैं।













