सईद अजमल ने उड़ाया अपने ही प्रधानमंत्री का मजाक
पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास में साल 2009 को बेहद खास माना जाता है, लेकिन इसके पीछे का एक कड़वा सच अब सामने आया है। पूर्व स्पिनर सईद अजमल ने दावा किया है कि वर्ल्ड कप जीतने के बाद जब खिलाड़ियों को तत्कालीन प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने सम्मानित किया था तो उन्हें दिए गए इनाम के चेक बैंक में जाकर बाउंस हो गए थे।
सईद अजमल ने किया था खुलासा
एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अजमल ने उस घटना को याद करते हुए कहा था, ‘जब हम 2009 में टी20 वर्ल्ड कप जीतकर लौटे, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री ने हमें आमंत्रित किया और प्रत्येक खिलाड़ी को 25 लाख रुपये का चेक दिया। हम बहुत खुश थे क्योंकि उस समय यह बहुत बड़ी रकम थी। हालांकि, जब हम इसे भुनाने गए तो वह चेक बाउंस हो गया।’
सरकार का चेक हो गया बाउंस
अजमल ने आगे बताया था कि उन्हें इस बात पर यकीन नहीं हुआ कि सरकार की ओर से दिया गया चेक भी बाउंस हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘मैं हैरान था कि सरकार का चेक भी बाउंस हो सकता है। हमें बताया गया कि पीसीबी प्रमुख इसे संभालेंगे लेकिन उन्होंने यह कहकर मना कर दिया कि यह सरकार का वादा था। अंत में, हमें केवल वही पैसा मिला जो आईसीसी की ओर से दिया गया था।’













