बताया जा रहा है कि परफॉर्मेंस के बीच एंकर ने निशा की फीस को लेकर कुछ भद्दी और अश्लील बातें कह दीं। बस यही सुनकर सिंगर अपना आपा खो बैठीं और एंकर की तरफ अटैकिंग मोड में आगे बढ़ीं। वह गुस्से से बिफरी दिख रहीं। वहां मौजूद हर कोई उन्हें रोकने की कोशिश में लगा दिख रहा।
सिंगर निशा उपाध्याय के हाथ में सैंडल दिख रहा
इस घटना से भोजपुरी इंडस्ट्री में लाइव शोज के दौरान बढ़ती अश्लीलता और कलाकारों के साथ होने वाले भद्दे बर्ताव और फूहड़ता को लेकर एक बार फिर से चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि निशा का ये वीडियो असारण जिले के किसी इवेंट का है। इस वीडियो में स्टेज के आसपास भीड़ दिख रही है और सिंगर निशा उपाध्याय के हाथ में सैंडल दिख रहा है। वो मारने के लिए एंकर की तरफ बढ़ती हैं और कभी लोग उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं और शांत कराते हैं।
‘निशा उपाध्याय ने भरे मंच पर एंकर को चप्पल मार दी’
कहा जा रहा है कि एंकर उस समय स्टेज पर निशा उपाध्याय का रेट बता रहा था। सोशल मीडिया हैंडल ‘द बिहार’ पर वीडियो किए शेयर किया गया है। इस वीडियो को शेयर कर लिखा है, ‘भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय ने भरे मंच पर एंकर को चप्पल मार दी। आरोप है कि एंकर निशा उपाध्याय का रेट बता रहा था। भोजपुरी स्टेज शो आजकल फूहड़ता की सारी हदें पार की जा रही हैं। सरकार डीजे बंद कर रही है, लेकिन अश्लील और फूहड़ स्टेज शो पर कुछ नहीं बोल रही। अब सोशल मीडिया पर लोग भी इसपर रिएक्शन दे रहे हैं और अपना गुस्सा जता रहे हैं।
लोगों ने कहा- एंकर पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए
लोगों ने कहा, ‘किसी महिला के बारे में इस तरह का शब्द इस्तेमाल नहीं करना चाहिए लेकिन निशा उपाध्याय हों या पवन सिंह या कोई भी कलाकार बिना रुपया तय के तो स्टेज पर चढ़ता हीं नहीं है भाई। इसमें इतना हो हल्ला नहीं मचाना चाहिए पहले लोग इजाजत देते हैं ऐसा करने की फिर फेमस होनेके बाद इज्जत याद आती है।’ एक ने कहा, ‘एंकर पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वैसे भी भोजपुरी फिल्मी संस्कृति अश्लीलता से भरपूर है। इसे कोई नहीं सुधार सकता। निशा को उन लोगों को भी सबक सिखाना चाहिए था जो एंकर की ढाल बन रहे थे। एंकर की तुरन्त गिरफ्तारी होनी चाहिए। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गृह मंत्री ध्यान दें।’
बिहार के सारण के गौर बसंत की रहने वाली हैं निशा
भोजपुरी संगीत की दुनिया में निशा उपाध्याय एक जाना-माना नाम हैं। वह बिहार के सारण के गौर बसंत की रहने वाली हैं। अपनी दमदार आवाज और लोक गीतों से उन्होंने बिहार के साथ-साथ पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।













