इससे पहले आमिर मुंबई प्रेस क्लब के फोटो कॉम्प्टिशन की प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन सेरिमनी में गए थे। वहां उन्होंने सलीम खान की हेल्थ के बारे में पूछे जाने पर अपडेट दिया। आमिर ने बताया कि उस वक्त सलीम खान आईसीयू में थे, जिस कारण वह उनसे मिल नहीं सके।
आमिर खान ने सलीम खान के लिए कही यह बात
आमिर खान बोले, ‘मैं सलीम साहब से मिलने गया था। हम सब दुआ कर रहे हैं कि वो जल्दी से जल्दी ठीक हो जाएं। वो आईसीयू में थे तो मैं पर्सनली उनसे नहीं मिल पाया, लेकिन मैं उनकी फैमिली के साथ बैठा था। और जो मुझे अलवीरा जी बता रही थीं कि हर रोज उनकी हेल्थ इम्प्रूव हो रही है। हम सब प्रार्थना कर रहे हैं, दुआ कर रहे हैं कि जल्द से जल्द एक बार फिर घर आ जाएं और उनकी सेहत वापस आ जाए।’
17 फरवरी से आईसीयू में हैं सलीम खान, हुआ था माइनर ब्रेन हेमरेज
मालूम हो कि सलीम खान को 17 फरवरी को लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। तब उन्हें सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल ले जाया गया था। तब सलीम खान की 90 साल की उम्र को देखते हुए एहतियातन वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। हालांकि, बाद में सलीम खान के ब्रेन में क्लॉट होने की बात सामने आई। इसके अगले दिन 18 फरवरी को सलीम खान के डॉक्टर जलिल पारकर ने उनकी हेल्थ अपडेट दी थी। उन्होंने मीडिया के सामने हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए बताया था कि सलीम खान को मामूली ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसे टैकल कर लिया गया। साथ ही कहा था कि अब सलीम खान का DSA टेस्ट किया जाना है और इसके बारे में वह ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते।
पिता के हेल्थ बुलेटिन से नाराज सलमान खान, दिया ये निर्देश
लेकिन खबर आई कि सलमान खान पिता के बारे में हेल्थ बुलेटिन दिए जाने से नाराज हैं और तब परिवार की ओर से अस्पताल को कुछ भी मेडिकल बुलेटिन या हेल्थ अपडेट पब्लिक न करने का निर्देश दिया गया। उसी दिन से अभी तक सलीम खान की हेल्थ को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है और फैंस इसी उम्मीद में हैं कि सलीम खान जल्द ठीक होकर घर वापस लौट आएं। वहीं, यह भी पता नहीं चल पाया है कि सलीम खान को वेंटिलेटर से एक-दो दिन बाद हटा लिया गया था या नहीं।
एजाज खान और डेजी शाह ने बताया- सलीम खान की सेहत में सुधार
हालांकि, एक्टर एजाज खान हाल ही सलीम खान को देखने पहुंचे थे, तो उन्होंने मीडिया को बताया था कि सलीम खान की सेहत में सुधार है, और वह सोमवार (23 फरवरी) तक अस्पताल से डिस्चार्ज हो जाएंगे, पर ऐसा हुआ नहीं। इसी बीच अब डेजी शाह ने बताया है कि सलीम खान की सेहत में काफी सुधार है। वह लगातार सलमान खान के संपर्क में हैं। डेजी शाह ने बताया कि सलीम सर को जल्दी ही डिस्चार्ज किया जा सकता है।
सलीम खान से मिलने वालों का तांता, परिवार भी काट रहा चक्कर
वहीं, बुधवार, 25 फरवरी को दोपहर करीब 3:30 बजे अर्पिता खान अस्पताल पिता का हाल जानने पहुंचीं। बहन अलवीरा, जीजा अतुल अग्निहोत्री और भाभी शूरा खान भी अस्पताल में मौजूद थीं। उनके अलावा सलीम खान के दोस्त जावेद अख्तर भी उन्हें देखने पहुंचे थे। जिस दिन से सलीम खान अस्पताल में भर्ती हैं, जावेद अख्तर लगभग रोजाना ही उनसे मिलने जा रहे हैं। सलीम खान की देखरेख न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन और स्पेशलिस्ट की एक टीम कर रही है, पर पूरा परिवार परेशान है। सलमान से लेकर पत्नियां- सलमा और हेलेन, बेटे-अरबाज और सोहेल समेत नाती-पोते भी रोजाना अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं।















