सेलिना जेटली ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वो साड़ी में दिख रही हैं। सेलिना ने फौजी परिवार की महिलाओं के प्रति अपना स्नेह जताते करते हुए लिखा, ‘एक फौजी बहन का स्नेह। जिंदगी की भागदौड़ में मैं भूल गई थी कि बहन से साड़ी लेना और उसे पहनना कैसा होता है। एक फौजी ने मुझे साड़ी गिफ्ट करने के साथ-साथ मुझे पहनाई, साड़ी की पिन लगाई, प्लीट्स बनाई और ऐसे ओढ़ाई जैसे सुरक्षा में लपेट रही हैं।’
सेलिना ने कहा- मुझे एहसास हुआ कि मैं अकेली नहीं हूं
सेलिना ने आगे लिखा, ‘साथ ही, उन्होंने मुझे चूड़ी पहनाई, कान की बाली ठीक की, फोटो खींची, पल्लू सही किया और माथे पर बिंदी लगाई। इन छोटे-छोटे कामों से मुझे एहसास हुआ कि मैं अकेली नहीं हूं। यह साड़ी उन्होंने अपने पति की बंगाल पोस्टिंग के दौरान ली थी।’
लिखा- काफी समय बाद ऐसा सुकून फिर से महसूस हुआ
एक्ट्रेस ने इस पल को अपने बचपन से जोड़ा। उन्होंने लिखा, ‘ये सब देखकर मुझे अपने बचपन की याद आ गई, जब मेरी मां प्यार से काथा साड़ी निकालकर पहना करती थीं। वह सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि प्यार और गर्व का एहसास हुआ करता था। काफी समय बाद ऐसा सुकून फिर से महसूस हुआ।’ एक्ट्रेस ने बताया कि वे कुमाऊंनी हैं। उनके अंदर ताकत नंदा देवी की कृपा और पहाड़ों की गोद से मिली है। एक्ट्रेस ने लिखा, ‘कभी-कभी सुकून चुपचाप आता है। साड़ी की प्लेट्स में, चूड़ियों में और बहन के प्यार में। इस एहसास में कि अपनों के साए में अभी भी सुरक्षित हैं। लव यू, समीरा।’
उनकी मां, मीता, एक अफगान हिंदू और सेना की नर्स थीं
बता दें कि एक्ट्रेस एक फौजी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता, कर्नल विक्रम कुमार जेटली, एक पंजाबी हिंदू और भारतीय सेना अधिकारी थे, जबकि उनकी मां, मीता, एक अफगान हिंदू और सेना की नर्स थीं। उनके भाई, विक्रांत जेटली, भी एक रिटायर्ड मेजर हैं, जो अभी इस समय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हिरासत में हैं।
हाई कोर्ट ने विक्रांत जेटली की पत्नी को दिया है निर्देश
सेलिना जेटली के भाई के मामले में सुनवाई के दौरान हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने विक्रांत जेटली की पत्नी के वकील को निर्देश दिया कि वे कोर्ट में एक नोट सीलबंद लिफाफे में दाखिल करें। कोर्ट ने यह कदम इसलिए उठाया ताकि विक्रांत जेटली की इच्छा और उनकी ओर से ली जा रही कानूनी स्थिति को गोपनीय तरीके से समझा जा सके।
भाभी ने सेलिना जेटली पर लगाए आरोप
वहीं इस सुनवाई में केंद्र सरकार ने कोर्ट को बताया कि यूएई में सेलिना के भाई विक्रांत जेटली का रिप्रजेंटेटिव तय करने के लिए अमीराती लॉ फर्म खालिद अल मरी को पत्र जारी किया गया है। इस पर दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को ये निर्देश दिया कि वह विक्रांत जेटली को इस बारे में साफ जानकारी दें कि उनके लिए कौन-सी लॉ फर्म नियुक्त की गई है और वह किस तरह उनका प्रतिनिधित्व करेगी। दरअसल विक्रांत जेटली की पत्नी ने कहा था कि वे (विक्रांत) इस मामले में एक्ट्रेस सेलिना जेटली द्वारा सुझाई गई लॉ फर्म से सहमत नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सेलिना जेटली ने उनकी अनुमति के बिना ही दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया। विक्रांत जेटली की पत्नी की ओर से यह भी कहा गया कि पति के लिए वकील नियुक्त करने का अधिकार केवल उन्हीं को है।
कोर्ट ने कहा- विक्रांत से जानें कि वे अपनी बहन से मिलने के इच्छुक हैं या नहीं
विक्रांत की पत्नी की ओर से कहा गया कि वो केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय की मदद चाहते हैं कि यूएई में उनके मामले की पैरवी के लिए वकील सरकार की ओर से ही नियुक्त किया जाए। इसके बाद कोर्ट ने मंत्रालय को निर्देश दिया कि वह सेलिना जेटली द्वारा दायर याचिका की एक प्रति विक्रांत जेटली को उपलब्ध कराए और उनसे यह भी पूछा जाए कि क्या वे अपनी बहन से मिलने के इच्छुक हैं या नहीं।














