अमित शाह ने ‘स्वराज’ का शुभारंभ किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका प्रचार किया। जाहिर है, यह एक मेगा-बजट टीवी शो होने वाला था। खबरों के मुताबिक, ‘स्वराज’ को 50 करोड़ रुपये से अधिक के बजट में बनाया गया था।
‘स्वराज’ सीरियल के बारे में
‘स्वराज’ को कॉन्टिलो पिक्चर्स ने बनाया। यह मुंबई स्थित एक प्रोडक्शन हाउस है, जिसकी स्थापना अभिमन्यु सिंह ने की थी। अभिमन्यु ने न्यूजलॉन्ड्री को बताया था कि शो का प्रसारण 2022 में शुरू हुआ, लेकिन इस पर काम 2020 में ही शुरू हो गया था। समाचार रिपोर्ट में आगे बताया गया कि दूरदर्शन ने कॉन्टिलो को हर एपिसोड के लिए 47 लाख रुपये का भुगतान किया। 18 प्रतिशत जीएसटी को शामिल करने पर यह राशि लगभग 55.46 लाख रुपये प्रति एपिसोड हो जाती है। इस प्रकार, 75 एपिसोड के लिए लगभग 41.59 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
‘स्वराज’ पर आए करोड़ों के खर्च
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि प्रसार भारती ने शो के प्रचार पर 9 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए। कार सनशेड की छपाई पर 2,08,152 रुपये, लोहे के होर्डिंग्स पर 24,190 रुपये और ट्विटर ट्रेंड पर 1,88,800 रुपये खर्च किए गए। इतना ही नहीं, यह भी कहा गया है कि समाचारों में विज्ञापन के लिए बुबना नाम के एक विज्ञापन एजेंसी को 1.63 करोड़ रुपये दिए गए। इसके अलावा, केंद्रीय संचार ब्यूरो को प्रचार के लिए 7.48 करोड़ रुपये दिए गए।
विदेशी एक्टर ने भी किया काम
‘स्वराज’ में काम कर चुके विदेशी अभिनेता सैमी जोनास हीनी ने इंडिया टुडे डॉट इन को बताया कि टीवी शो के सेट बहुत बड़े थे। उन्होंने कहा, ‘सेट बहुत शानदार थे। ऐसी अफवाहें थीं कि ये किसी दूसरे प्रोडक्शन हाउस के थे। स्वराज के सेट किसी टीवी सीरियल के हिसाब से बहुत महंगे लगते थे। मैं घूमता था और उन शानदार घोड़ों को देखता था, ऐसा लगता था जैसे मैं ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ में हूं!’
कब और कहां आता था ‘स्वराज’?
‘स्वराज’ का हर नया एपिसोड रविवार को सुबह 9 बजे और रात 9 बजे डीडी नेशनल पर प्रसारित होता था। इसका पुन: प्रसारण मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को दोपहर 1 बजे और शनिवार को रात 9 बजे होता। इसका ऑडियो वर्जन ऑल इंडिया रेडियो पर शनिवार सुबह 11 बजे से प्रसारित होता था। हालांकि, इसके बावजूद यह शो बीएआरसी की टीआरपी (टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट) लिस्ट में टॉप-30 में जगह नहीं बना पाया।
‘स्वराज’ की घट रही थी AMA
इस बीच, न्यूजलॉन्ड्री के अनुसार, ‘स्वराज’ के शो को देखने वाले दर्शकों की संख्या (AMA) हर हफ्ते घटती जा रही थी। सरल शब्दों में, AMA का अर्थ है किसी निश्चित समय अवधि में शो देखने वाले लोगों की संख्या। इसके कारण ‘स्वराज’ ने कथित तौर पर ऐड्स को खो दिया और दूरदर्शन को भी अपने विज्ञापन की दरें कम करनी पड़ीं।
दूरदर्शन कम करने लगा विज्ञापन
दूरदर्शन के एक कर्मचारी ने न्यूजलॉन्ड्री को बताया था, ‘पहले स्वराज के ऐड्स की दर 60,000 रुपये प्रति 10 सेकंड थी। बाद में इसे घटाकर 16,000 रुपये प्रति 10 सेकंड कर दिया गया। शो की रैंकिंग गिरने के बाद, दर घटकर 8,000 रुपये प्रति 10 सेकंड हो गई।’














