सुनील पाल बोले- कपिल शर्मा से कोई शिकायत नहीं
सुनील पाल ने हाल ही ‘मेरी सहेली’ के पॉडकास्ट में कपिल शर्मा की तारीफ करते हुए कहा, ‘मुझे कपिल शर्मा से कोई शिकायत नहीं है। बल्कि मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं। कपिल पिछले 12 साल से अपना शो चला रहे हैं। वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और हमेशा अपने दोस्तों की तरक्की का भी पूरा ख्याल रखते हैं। वह दुनिया के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले कॉमेडियन हैं।’
‘कपिल के पास तभी जाऊंगा, जब सच में उन्हें मेरी जरूरत होगी’
सुनील पाल ने फिर कपिल के शो के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मैंने कपिल से कभी भी नहीं पूछा कि वो मुझे अपने शो में ले लें। बल्कि, उन्होंने मुझे कई बार अपने शो के सेट पर बुलाया है। वह अकसर मुझसे कहते है कि प्लीज आओ और हमसे मिलो। वह मुझे बहुत प्यार करते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि यही उनकी महानता है। मैं उनके पास तभी जाऊंगा, जब मुझे लगेगा कि उन्हें सचमुच मेरी जरूरत है। वरना, उनके शो में सचमुच लंगर होता है- आधे पंजाब के लोग उसमें काम कर रहे हैं।’
सुनील पाल ने कपिल शर्मा की यूं की थी तारीफ
वहीं, इससे पहले सुनील पाल ने सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में कपिल शर्मा की खूब तारीफ की थी, और कहा था, ‘पिछले 40 सालों में जॉनी लीवर ही एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपने युग को जिया और लोगों को बदलाव के लिए प्रेरित किया। मैं उनका भक्त और फैन हूं। उनके अलावा, मैंने कपिल शर्मा में भी एक जबरदस्त एनर्जी देखी। उन्होंने भी खुद को बदला, और सुनील ग्रोवर ने भी। पिछले 20 साल में मैंने मुश्किल से पांच लोगों को बदलते देखा है। नहीं तो लोग अभी भी बाजार के चुटकुले, पुराने कलाकारों की नकल कर रहे हैं और कुछ भी नया करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।’
वो मौके, जब सुनील पाल ने कपिल शर्मा के शो की आलोचना की
वहीं, सुनील पाल उससे पहले कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ के प्रीमियर पर भी नजर आए थे। अब बेशक, सुनील पाल, कपिल की तारीफ करते नजर आते हों, पर पहले वह उनके शो के कंटेंट की खूब आलोचना कर चुके हैं।
- सुनील पाल ने एक बार कपिल शर्मा के टैलेंट की तारीफ की थी, पर उनके शो के कंटेंट पर सवाल उठाए थे। यहां तक कि सिद्धार्थ कनन के पॉडकास्ट में बताया था कि उन्हें सुनील ग्रोवर को महिला के गेटअप में देख उल्टी हो गई थी। वह उन्हें घिनौना लगा था।
- साल 2024 में जब कपिल शर्मा के शो का प्रोमो रिलीज किया गया था, तो सुनील पाल ने उसकी भाषा को गंदा और घटिया बताया था। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर किया था, जिसमें कहा था, ‘कपिल शर्मा हमारे कॉमेडी के सुपरस्टार हैं। वह कॉमेडी के बादशाह हैं, लेकिन उनका नया शो अब OTT पर आ रहा है और उसके प्रोमो में गंदगी देख रहा हूं। गंदे शब्दों का इस्तमाल किया है। मुझे लगता है मेरी भाषा यहां हार जाएगी और वो मैं देख नहीं सकता।’
- जब ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का पहला सीजन खत्म हुआ था, तो सुनील पाल ने खुशी जाहिर की थी और कपिल से कहा था कि वह अब टीवी पर लौटकर आएं क्योंकि ओटीटी उनके लिए नहीं है।













