गूगल मैप्स पर होगी आधार सेंटर की जानकारी
गूगल और UIDAI की साझेदारी के कारण लोगों के लिए ऑथराइज्ड यानी अधिकृत आधार केंद्र तक पहुंचना आसान हो जाएगा। देश भर के सभी वेरिफाइड आधार सेंटर जल्द Google Maps पर उपलब्ध होंगे। गूगल मैप्स के जरिए कोई भी देख पाएगा कि उसके घर के पास कहां अधिकृत आधार सेंटर है।
लोकेशन के अलावा अन्य डिटेल भी होंगी उपलब्ध
आधार सेंटर की लोकेशन के अलावा गूगल मैप्स पर उसकी उन्य जानकारी भी होगी। वहां कौन-कौन सी सेवाएं जैसे एडल्ट एनरोलमेंट, चाइल्ड एनरोलमेंट या सिर्फ अपडेट उपलब्ध होंगी, यह जानकारी भी गूगल मैप्स के जरिए मिलेगी।
इतना ही नहीं, दिव्यांगों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, पार्किंग की उपलब्धता और ऑपरेटिंग घंटे जैसी जानकारी भी पा सकेंगे। गूगल मैप्स पर मिलने वाली आधार से जुड़ी इस जानकारी के लिए देश के 60 हजार से ज्यादा सेंटर होंगे, जिनमें आधार सेवा केंद्र भी शामिल होंगे। इससे यूजर्स को सही और नजदीकी आधार सेंटर तक पहुंचने में काफी मदद मिलेगी।
गूगल बिजनेस प्रोफाइल टूल्स लाने की भी योजना
UIDAI के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर भुवनेश कुमार का कहना है कि यह पहल आधार धारकों के लिए एक्सेस को आसान बनाने और सर्विस डिलीवरी में ट्रांसपेरेंसी बढ़ाने के किए जाने वाले बड़े प्रयासों का हिस्सा है। बता दें कि UIDAI सेंटर की जानकारी को मैनेज करने और पब्लिक का फीडबैक जानने के लिए गूगल बिजनेस प्रोफाइल टूल्स को इंटीग्रेट करने की योजना भी है। साथ ही, पार्टनर्स यूजर्स को सीधे गूगल के जरिए अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा देने पर भी काम कर रहे हैं। अगर यह पहल सफलतापूर्वक हो गई तो आधार सर्विस चाहने वाले लोगों के लिए सर्च में आने वाली दिक्कतों को काफी कम किया जा सकता है।












