दरअसल, प्रियदर्शन ने ‘मिड-डे’ को दिए इंटरव्यू में राजपाल यादव के बारे में कहा था, ‘मैं उनको 20 सालों से ज्यादा वक्त से जानता हूं। मैंने उनको सबसे पहले जंगल में देखा था। और उनकी परफॉर्मेंस देखकर मैं सरप्राइज्ड था। मेरी उनके साथ पहली फिल्म मालामाल वीकली थी। और उसके बाद उन्होंने मेरी कई फिल्मों में काम किया। मैंने प्रोड्यूसर्स (जुबली फिल्म्स) को कहा कि वह राजपाल यादव को उनकी परिस्थिति को देखते हुए अगली फिल्म में उनके चार्जेस से ज्यादा भुगतान करें। हम उनको बचाना चाहते हैं। प्रोड्यूसर्स भी मान गए। वह मेरी फिल्म में विलन बने हैं। मैं उनकी परेशानियों के बारे में जानता था। इसलिए मैं राजपाल को हर फिल्म में साइन करता रहता था। मैं उनको एड फिल्म्स करने के लिए भी कहता था। इस बेचारे आदमी ने कम पढ़े-लिखे होने के कारण गलती की। वरना राजपाल अच्छा इंसान है।’
प्रियदर्शन के कमेंट पर राजपाल यादव
अब ‘इंडियन एक्सप्रेस’ को दिए इंटरव्यू में राजपाल यादव ने फिल्ममेकर के उस स्टेटमेंट पर अपनी राय दी। उन्होंने कहा, ‘ये तो पूरी तरह से गलत है। प्रियनजी मुझे नहीं जानते। मैं पढ़ा लिखा हूं। मैं 11 साल की उम्र से लेकर 55 की उम्र तक काम किया है। बड़े से बड़े दिग्गज भी कभी न कभी मुश्किलों में फंस जाते हैं, लेकिन इसका उनकी पढ़ाई से कोई लेना-देना नहीं है। अगर मैं कम पढ़ा लिखा होता तो इंडस्ट्री में 25-30 साल तक सर्वाइव नहीं कर पाता।’
राजपाल यादव 3 डायरेक्टर्स की करते हैं इज्जत
एक्टर ने आगे कहा, ‘मैं तीन डायरेक्टर्स की बहुत इज्जत करता हूं, राम गोपाल वर्मा, डेविड धवन और प्रियदर्शन। मैं उनको अपना आदर्श मानता हूं। मैंने इन तीनों के साथ करीब 50 से ज्यादा फिल्में की हैं। यहां कम पढ़ाई-लिखाई का कोई मतलब ही नहीं है। क्योंकि मेरा इरादा कुछ और है। मैं प्रियदर्शन जी के बेटे जैसा हूं। जब भी वो कहेंगे, मैं एक एक्टर के नाते उनके लिए आजीवन परीक्षा देने के लिए तैयार हूं। लेकिन प्रियदर्शन जी या बॉलीवुड का कोई भी इंसान पूरी बात नहीं जानता। इसलिए उनकी तरफ से आया कोई भी जजमेंट मायने नहीं रखता।’
राजपाल यादव की आने वाली फिल्में
एक्टर ने अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स के बारे में बताया, ‘मैं अपनी इस साल की पहली फिल्म प्रियनजी के साथ कर रहा हूं भूत बंगला। इसके बाद मेरे पास वेलकम टू जंगल है, जिसमें 27 एक्टर्स हैं और इसके बाद हैवान है। जिसमें मैं छोटा लेकिन शानदार रोल कर रहा हूं। मेरे पास दो वेब सीरीज और दो दूसरी फिल्में भी हैं, जिसके बारे में मैं अभी ज्यादा बात नहीं कर सकता।’
सोनू सूद के ऑफर के बारे में राजपाल यादव
जब एक्टर से सोनू सूद के कमेंट के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने काम ऑफर किया था तो इस पर वह बोले, ‘प्लीज इस गलतफहमी से बाहर निकलिए कि मैं काम मांगता रहता हूं। और काम मांगने में कोई शर्म नहीं। मैं आपने काम के जरिए ही जीता हूं। सिनेमा मेरा जुनून है। और मैं ऐसे काम करता हूं कि मुझे चार गुना और काम मिले। मैं छुट्टियों में भी काम करता हूं। काम मुझे नहीं तलाशता। ये मेरे साथ पिछले 11 साल से रह रहा है।’













