स्पेन में टमाटरों वाली होली
‘ला टोमाटीना’ नामक त्योहार धूमधाम से स्पेन में मनाया जाता है। इस पर्व में एक दूसरे को टमाटर मारकर होली खेली जाती है। यहां दूर-दूर से लोग टमाटर होली खेलने आते हैं और कई किलोग्राम टमाटर से यहां धूमधाम से उत्सव मनाया जाता है। यह फेस्टिवल अगस्त के अंतिम शनिवार के दिन मनाया जाता है। जिसे दुनिया का सबसे बड़ा टमाटर उत्सव भी कहा जाता है।
थाईलैंड में पानी वाली होली
यहां सोंगकरन पर्व में सभी लोग एक तालाब के पास इकट्ठा होते हैं। वहां, एक-दूसरे पर पानी फेंकते हैं और खूब मस्ती करते हैं। कुछ लोगों का ग्रुप मिलकर एक व्यक्ति के तालाब में डुबकी लगवाता है। इस दिन लोग एक दूसरे को नववर्ष की बधाई देते हैं। वहीं, अप्रैल में गर्मी होने से पानी वाला यह त्योहार राहत देने वाला होता है।
न्यूजीलैंड की अनोखी होली
हर साल न्यूजीलैंड में वानका उत्सव मनाया जाता है। इसमें एक पार्क में छोटे से लेकर बूढ़े लोग भी इकट्ठा होते हैं। वहां, सभी एक दूसरे के शरीर पर पेंटिंग लगाते हैं। इसकी एक प्रतियोगिता भी रखी जाती है। साथ ही, इस रंगीले त्योहार में जमकर नाच-गाना भी किया जाता है। न्यूजीलैंड का यह पर्व लगातार 6 दिनों तक मनाया जाता है।
चीन की मस्ती भरी होली
नववर्ष के मौके पर चीन में ‘डाए’ नामक एक समुदाय भारत की तरह ही धूमधाम से होली का त्योहार मनाते हैं। इस दिन ये लोग एक दूसरे पर पानी फेंकते हैं। साथ ही, गाना बजाना के साथ खूब मस्ती होती है। लोग इस दिन एक दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए नजर आते हैं।
जापान में फूलों वाली होली
मार्च-अप्रैल के महीने में जापान में ‘चेरी ब्लॉसम उत्सव’ मनाया जाता है। इस समय जापान में चेरी के पेड़ में फूल आने का मौसम होता है। ऐसे में सभी लोग अपने परिवार के साथ चेरी के बागों में एक दूसरे को बधाई देते हैं। वहां, लोग पेड़ से गिर रहे फूलों के साथ सभी का स्वागत करते हैं। यह त्योहार नाचने गाने के साथ पूरे दिन मनाया जाता है।
ऑस्ट्रेलिया में तरबूजों वाली होली
यहां ‘चिनचिला मेलन फेस्टिवल’ मनाया जाता है। जिसमें हर जगह केवल तरबूज ही तरबूज नजर आते हैं। आस्ट्रेलिया में बहुत अनोखे तरीके से यह उत्सव मनाया जाता है। इस फेस्टिवल के दौरान कई और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसमें लोग आगे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। होली में जिस तरह हर जगह रंग दिखाई देते हैं, उसी तरह ऑस्ट्रेलिया में हर जगह तरबूज नजर आते हैं।














