मुस्लिम देशों के संगठन पर क्यों भड़कीं महबूबा
महबूबा ने एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा है, ‘यह बहुत ही परेशान करने वाली बात है कि ओआईसी मूकदर्शक बना हुआ है, जबकि अमेरिका और इजरायल, ईरान की संप्रभुता पर खुलेआम आक्रामकता कर रहे हैं। ईरान के सुप्रीम लीडर की शहादत पर इनकी चुप्पी, और इसका सारा दोष ईरान पर मढ़ने की कोशिश, न केवल चिंताजनक है, बल्कि अपमानजनक भी है…।’
मुसलमानों के साथ गंभीर विश्वासघात का आरोप
महबूबा ने आगे लिखा है कि, ‘ईरान पर निर्लज्ज हमले की निंदा करने के बजाए, इसने चुप्पी साधना पसंद किया है,एपस्टीन गिरोह के कारनामों का गुप्त रूप से समर्थन करते हुए। यह मुस्लिम उम्माह की सामूहिक चेतना और हितों के साथ गंभीर विश्वासघात का प्रतीक है।’
खामेनेई की मौत से मुसलमानों के एक वर्ग में नाराजगी
अमेरिका-इजरायल के साझा हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की शनिवार की मौत हो गई थी। उनकी पत्नी समेत परिवार के कई और सदस्यों के मारे जाने की खबरें हैं। मंगलवार को इस हमले का चौथा दिन है और दोनों ही ओर से जबरदस्त लड़ाई की जानकारियां मिल रही हैं।
ईरान पर इजरायल-अमेरिकी हमले के ताजा अपडेट
- आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत पर पश्चिम एशिया में भयंकर तनाव।
- ईरान भी इजरायल और खाड़ी के अन्य देशों पर कर रहा है हमले।
- कुवैत में ईरानी हमले में 3 अमेरिकी सैनिकों की मौत, 5 जख्मी।
- इजरायल में भी ईरानी हमले में कई लोगों के मारे जाने की खबर।
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की नई लीडरशिप की ओर से बातचीत की इच्छा का किया दावा।
- अमेरिका ने अबतक 48 ईरानी नेताओं के मारे जाने का दावा किया है।
- ईरान में भयंकर युद्ध के बीच भूकंप के झटके। 4.3 रही तीव्रता।













