अभिजीत भट्टाचार्य का बेटा दुबई में फंसा
अभिजीत भट्टाचार्य ने बेटे की सुरक्षा की चिंता करते हुए और उसकी वापसी के लिए मदद की गुहार लगाते हुए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, ‘मेरा बेटा जय भट्टाचार्य इस समय दुबई में फंसा हुआ है और एक पिता के तौर पर यह हमारे परिवार के लिए बहुत ही कष्ट का समय है।’
‘प्लीज मेरे बेटे को सुरक्षित लाने में मदद करें’
उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से विनम्र निवेदन करता हूं कि प्लीज उनकी स्थिति पर ध्यान दें और जल्द से जल्द उनकी सुरक्षित भारत वापसी में सहायता करें। हम आपके तत्काल सहयोग और हस्तक्षेप की उम्मीद करते हैं। प्लीज मेरे बेटे को सुरक्षित घर लाने में मदद करें।’
अभिजीत भट्टाचार्य ने डिलीट किया पोस्ट
अभिजीत भट्टाचार्य के इस पोस्ट पर फैंस के काफी कमेंट्स आए। जहां कुछ ने अभिजीत को हिम्मत रखने की सलाह दी, वहीं कुछ ने कहा कि दुबई एकदम सुरक्षित है और वहां सिंगर के बेटे को कुछ नहीं होगा। हालांकि, अभिजीत ने बाद में अपना पोस्ट डिलीट कर दिया और इसकी वजह सामने नहीं आई।
अबू धाबी-दुबई में फंसे थे ये भारतीय सेलेब्स
मालूम हो कि अबू धाबी और दुबई में कई भारतीय सेलिब्रिटीज फंस गए थे, जिनमें ईशा गुप्ता, सोनल चौहान, बेडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधू, एरिका फर्नांडिस, एक्टर अजीत कुमार और बंगाली फिल्म एक्ट्रेस शुभाश्री गांगुली का नाम शामिल है। हालांकि, ईशा गुप्ता और सोनल चौहान अब सुरक्षित वापस इंडिया लौट आई हैं।
ईरान पर हमले का पांचवा दिन, दुनियाभर में विरोध-प्रदर्शन
मालूम हो कि ईरान पर अमेरिका और इजरायल ने मिलकर 28 फरवरी को अचानक ही मिसाइल अटैक कर दिया था। ईरान और इजरायल के बीच युद्ध को पांच दिन बीत चुके हैं। जब ईरान पर हमला हुआ, तो उसने भी जवाबी हमले में इजरायल के साथ-साथ गल्फ देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इस युद्ध में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई मारे गए, जिसके बाद से हालात और बिगड़ गए। दुनियाभर में कई जगहों पर विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी हैं। भारत में भी लखनऊ से लेकर जम्मू-कश्मीर और कोच्चि तक में लोग खामेनेई की मौत के विरोध में सड़कों पर उतर आए। इस युद्ध में ईरान में सैंकड़ों लोगों की जानें जा चुकी है, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं।














