ईरान से जुड़े मिडल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने दुनिया भर के हवाई यात्रा पर कहर बरसाया है। बड़ी संख्या में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की फ्लाइटें रद्द हुईं और कई रूट बदले गए। काफी सारे लोग अपने-अपने घरों से दूर वहां फंसे हैं और वे उड़ानें फिर से शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। मलाइका की मां ने वहां गुजर रहे पलों का किस्सा सुनाया है।
मलाइका अरोड़ा की मां जॉयस भी दुबई में फंसी हैं
अमृता और मलाइका अरोड़ा की मां जॉयस भी दुबई में फंस गई हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में उन्होंने बताता कि वो अपनी बड़ी बहन का बर्थडे मनाने वहां गई थीं। कुछ ही दिनों बाद वहां उन्होंने भी अपना जन्मदिन मनाया। जॉयस ने कहा, ‘मेरी रिटर्निंग 3 मार्च की थी और मुझे मुंबई लौटना था, लेकिन हमें नोटिफिकेशन मिला कि युद्ध के कारण हमारी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।’
‘मैंने अपनी आंखों से आसमान में मिसाइलों को रोकते हुए देखा’
उन्होंने दुबई के हालात पर भी बातें कीं। उन्होंने कहा, ‘मुझे कहना होगा कि मैं यहां सुरक्षित महसूस कर रही हूं। दरअसल, मैंने अपनी आंखों से आसमान में मिसाइलों को रोकते हुए देखा। यह डरावना था, लेकिन दुबई की मिलिट्री शानदार काम कर रही है। मेरी बेटियां मुंबई में हैं और वे जानती हैं कि मैं सेफ हाथों में हूं।’
मलाइका और अमृता मां को तीन से चार बार फोन करती हैं
जॉयस ने ये भी कहा, ‘वे मुझे दिन में तीन से चार बार फोन करती हैं और हम लगातार सम्पर्क में रहते हैं। अब जब कुछ ऑपरेशन फिर से शुरू हो गए हैं, तो मुझे उम्मीद है कि मैं जल्द ही मुंबई लौट जाऊंगी।’
ईशा गुप्ता बोलीं- ईश्वर के आशीर्वाद से मैं सुरक्षित हूं
यहां बता दें कि यूएई में फंसी हुईं ईशा गुप्ता सकुशल स्वदेश लौट आई है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी अपडेट देते हुए कहा, ‘घर वापस आ गई हूं। आप सभी की प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हम सभी जिस स्थिति का सामना कर रहे थे, वह बहुत कठिन थी। वास्तव में, ईश्वर के आशीर्वाद से मैं सुरक्षित हूं।’
सोनल चौहान भी दुबई में फंसी थीं
बता दें कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ 28 फरवरी को शुरू किए गए हमले के बाद मिडल ईस्ट एशिया में तनाव बढ़ गया है। ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में इजराइल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों के साथ-साथ दुबई पर ड्रोन और मिसाइल से जवाबी हमले किए। उन्होंने कहा, ‘यह सब 28 तारीख (शनिवार) को शुरू हुआ जब मैं एयरपोर्ट पर थी। दोपहर एक बजे तक हवाई अड्डा बंद हो चुका था, चारों ओर अफरा-तफरी मची हुई थी क्योंकि हममें से किसी को भी पता नहीं था कि क्या हुआ है। फिर मिसाइल हमले की खबर आने लगी और किसी को नहीं पता था कि अगले ही पल हमारे साथ क्या हो सकता है। लोग एक-दूसरे को हिम्मत दे रहे थे, सभी अपने-अपने परिवार को फोन कर रहे थे।’ ईशा गुप्ता के अलावा सोनल चौहान भी दुबई में फंसी थीं।














