तेज शुरुआत के बाद मुश्किल में थी ऑस्ट्रेलिया
टॉस जीतने के बाद पहले खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। मिचेल मार्श की जगह कप्तान कर रहे ट्रेविस हेड दूसरे ओवर में रन आउट हो गए। उन्होंने 6 रन बनाए। इसके बाद जोश इंगलिस और कैमरून ग्रीन ने तेज बैटिंग की। सिर्फ 23 गेंद पर दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। हालांकि 7वें ओवर तक दोनों की पारी का अंत हो गया। 17 गेंद पर इंग्लिस ने 37 जबकि 11 गेंद पर ग्रीन ने 21 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल भी सिर्फ 9 रन बना सके।
मार्कस स्टोइनिस ने संभाली टीम की पारी
88 रन पर चार विकेट गिरने के बाद मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर उतरे। मैट रेनशॉ के साथ मिलकर उन्होंने पारी संभाली। हालांकि शुरुआत में दोनों खुलकर नहीं खेल पा रहे थे। 44 गेंद पर उनके बीच 61 रनों की साझेदारी हुई। रेनशॉ ने 33 गेंद पर 37 रन बनाए। डेथ ओवर में स्टोइनिस ने अच्छी बैटिंग की और आउट होने से पहले 29 गेंद पर 45 रनों का योगदान दिया। अंत में कूपर कोनली और जेवियर बार्टलेट ने 13 गेंद पर नाबाद 23 रन जोड़कर टीम को 180 के पार पहुंचा दिया। आयरलैंड ने आखिरी पांच ओवर में 53 रन दिए। मार्कर एडैर ने दो विकेट मिले।
आयरलैंड की बैटिंग चली ही नहीं
आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग एक गेंद खेलने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए और फिर बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। आयरलैंड के लिए जॉर्ज डॉकरेल ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। आयरलैंड की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में चार विकेट गंवा दिए थे। पैट कमिंस और जोश हेजलवुड चोट के कारण बाहर हैं। ऐसे में एलिस ने मुख्य तेज गेंदबाज के तौर पर जिम्मेदारी बखूबी निभाई। एलिस ने इस तरह तीन ओवर के शुरूआती स्पैल में नौ रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने रोस एडेयर (12), कर्टिस कैम्फर (04), बेन कालिट्ज (02) को आउट किया।
इसके बाद एडम जम्पा ने गेरेथ डेलानी (11), लोरकान टकर (24), डॉकरेल और मार्क एडेयर (12) के विकेट झटके। आयरलैंड हालांकि 100 रन का स्कोर पार करने में कामयाब रहा। एलिस ने बैरी मैकार्थी (02) को आउट करके मैच खत्म किया। 12 रन देकर एलिस ने चार जबकि जम्पा ने 23 रन देकर 4 ही विकेट लिए।













