भारतीय महिला टीम की बैटिंग फेल रही
विश्व कप के दौरान चोटिल हुए प्रतिका रावल ने इस मैच से इंटरनेशनल क्रिकेट में कमबैक किया। वह दूसरी ही गेंद पर डक हो गईं। शैफाली वर्मा (4) और जेमिमा रोड्रिग्स (8) भी कुछ खास नहीं कर पाईं। हालांकि स्मृति मंधाना ने एक छोर से आसानी से रन बनाए। उन्होंने अर्धशतक लगाया और 58 रनों की पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर (53) ने भी फिफ्टी लगाई लेकिन उन्होंने 84 गेंदों का सामना किया।
अंत में काश्वी गौतम ने 44 गेंद पर 32 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के मारे। ऑस्ट्रेलिया ने 7 गेंदबाजों को आजमाया और सभी की इकोनॉमी 5 से कम रही। एश्ले गार्डनर ने सबसे ज्यादा 3 और मेगन शूट ने दो विकेट लिए।
हीली और मूनी की अर्धशतकीय पारियां
ऑस्ट्रेलिया को कप्तान एलिसा हीली और फोबे लीचफील्ड ने बेहतरीन शुरुआत दिला। दोनों ने पहले विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की। 11वें ओवर में लीचफील्ड 32 गेंद पर 32 रन बनाकर श्रीचरणी का शिकार बनीं। अगली ही गेंद पर जॉर्जिया वॉल भी आउट हो गईं। इसके साद हीली को बेथ मूनी का साथ मिला। 50 रन बनाने के बाद क्रांति गौड़ की गेंद पर हीली आउट हो गईं। चौथे विकेट के लिए मूनीू और एनाबेल सदरलैंड ने 80 गेंद पर 85 रनों की साझेदारी करके टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। 79 गेंद पर 76 रन बनाकर मूनी आउट हुईं। 39वें ओवर में दूसरी गेंद पर सदरलैंड ने छक्का मारकर मैच खत्म कर दिया। उन्होंने 44 गेंद पर 48 रन बनाए।













