इसमें कोई दोराय नहीं है कि आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी ‘धुरंधर’ ने भारत में सबको धूल चटा दी है। रिलीज के 38वें दिन भी इस फिल्म ने देश में 6.15 करोड़ का कारोबार कर चौंका दिया है। भारत में ‘धुरंधर’ ने ₹805.65 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है। जबकि वर्ल्डवाइड ₹1256 करोड़ की ग्रॉस कमाई के साथ यह ‘दंगल’ और ‘बाहुबली 2’ के बाद ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर तीसरी सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बन चुकी है। इसके सामने प्रभास की ‘द राजा साब’ तीसरे दिन हिंदी में ₹4.65 करोड़ पर ही सिमट गई। लेकिन सही मायने में असल जादू ‘अवतार 3’ ने चलाया है।
‘अवतार 3’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
यह ‘अवतार फ्रेंचाइज’ का क्रेज ही है, जिसने ‘धुरंधर’ जैसे धमाके के बावजूद भारत में ‘अवतार 3’ को जबरदस्त बिजनस दिया है। Sacnilk के मुताबिक, रिलीज के 24वें दिन भी इस फिल्म ने भारत में 2.10 करोड़ रुपये का बिजनस किया है। यही नहीं, इसने 24 दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 184.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। यह जेम्स कैमरून का जादू ही है, जो इस फिल्म को ‘धुरंधर’ के सामने भी ₹200 करोड़ की दहलीज तक ले आई है।
‘अवतार 3’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹11100 करोड़ पार
‘अवतार फायर एंड ऐश’ का असल जादू ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर चला है। जहां, इसने 24 दिनों में $1.23 बिलियन यानी 11,100 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। यह ‘धुरंधर’ के मुकाबले जहां करीब 9 गुना अधिक है, वहीं इसके 3300 करोड़ रुपये के बजट से 3.36 गुना अधिक। ‘अवतार 3’ साल 2025 की चौथी फिल्म है, जिसने $1 बिलियन का आंकड़ा पार किया है। हालांकि, यह अभी डिज्नी की ‘जूटोपिया 2’ से पीछे है, जिसने दुनिया भर में 34 दिनों में 12751 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। लेकिन अनुमान यही है कि ‘अवतार फायर एंड ऐश’ अपने लाइफटाइम ग्लोबल कलेक्शन में इस फिल्म को भी पछाड़ देगी।
‘इक्कीस’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 11
दूसरी ओर, अगस्त्य नंदा, धर्मेंद्र और जयदीप अहलावत की ‘इक्कीस’ को भी दर्शकों का प्यार मिल रहा है। ‘धुरंधर’ और ‘द राजा साब’ के बीच लिमिटेड शोज में ही सही, इसने अपने दूसरे वीकेंड में 3.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसमें रविवार को 11वें दिन 1.30 करोड़, शनिवार को 10वें दिन 1.15 करोड़ और शुक्रवार को 9वें दिन 85 लाख रुपये की कमाई शामिल है। देश में ‘इक्कीस’ का टोटल नेट कलेक्शन अब 11 दिनों में 28.80 करोड़ रुपये है। जबकि वर्ल्डवाइड इसने 37.00 करोड़ रुपये का ग्रॉस बिजनस किया है।












