शुक्रवार को एमसीएक्स पर जनवरी डिलीवरी वाले तांबे की कीमत में थोड़ा सुधार आया। शाम 4 बजे इसका भाव प्रति किलो करीब 1277 रुपये था। लेकिन इसमें यह तेजी इस साल अभी तक उस प्रकार देखने को मिली, जैसी सोने और चांदी में मिली है। पिछले साल बेस मेटल्स में तांबा सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला रहा था। लंदन में इसने 41% से अधिक और शंघाई में 33% का मुनाफा कमाया था, जो एक रिकॉर्ड तोड़ तेजी थी। एमसीएक्स पर तो इसका प्रदर्शन और भी शानदार रहा। साल 2025 में इसमें 62% का उछाल आया। लेकिन इस साल की शुरुआत से इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई है। इस साल अब तक यह मेटल सपाट रहा है।
लाल धातु से सोना और चांदी पर संकट! 13000 डॉलर प्रति टन के पार हुई कीमत
इस साल कैसा प्रदर्शन?
एमसीएक्स पर 31 दिसंबर 2025 को तांबा प्रति किलो 1285 रुपये पर बंद हुआ था। आज शुक्रवार शाम 4 बजे यह करीब 1277 रुपये पर कारोबार कर रहा था। ऐसे में देखें तो इसमें इस साल अभी तक इसमें आधा फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है। ऐसे में इसने निवेशकों का नुकसान ही किया है। वहीं सोने और चांदी में खूब तेजी आई है। चांदी तो इस साल इन 23 दिनों में 40 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दे चुकी है। वहीं सोने में भी 16 फीसदी से ज्यादा उछाल आया है।
कॉपर स्टॉक्स की मिली-जुली स्थिति
तांबे की कीमत में गिरावट के चलते कॉपर स्टॉक्स की मिली-जुली स्थिति देखने को मिली है। कुछ कंपनियों के शेयर में जहां तेजी आई है तो वहीं कुछ में गिरावट देखने को मिली है। कुछ कॉपर स्टॉक्स की स्थिति इस प्रकार रही:
- Hindustan Copper Ltd के शेयर में शुक्रवार को तेजी आई। इस साल यह 5 फीसदी से ज्यादा उछल चुका है। एक साल में इसका रिटर्न 120 फीसदी से ज्यादा रहा है।
- Vedanta Ltd के शेयर में भी शुक्रवार को उछाल आया। इस साल यह शेयर 15 फीसदी उछल चुका है। वहीं एक साल में इसमें करीब 55 फीसदी की तेजी आई है।
- Madhav Copper Ltd के शेयर में शुक्रवार को गिरावट आई। लेकिन साल इसमें करीब 19 फीसदी तेजी रही है। इसका एक साल का रिटर्न करीब 77 फीसदी रहा है।
- Bhagyanagar India Ltd का शेयर शुक्रवार को गिर गया। इस साल इसमें करीब 2 फीसदी की तेजी रही। वहीं पिछले एक साल में इसका रिटर्न करीब 80 फीसदी रहा।
- Cubex Tubings Ltd के शेयर में शुक्रवार को उछाल आया। हालांकि इस साल यह शेयर 10 फीसदी से ज्यादा गिर गया है। वहीं एक साल में इसमें 15 फीसदी की गिरावट रही।
- Precision Wires India Ltd का शेयर भी शुक्रवार को लुढ़क गया। इस साल इसने 12 फीसदी से ज्यादा का गोता लगाया। वहीं एक साल में इसने 35 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया।
क्या है एक्सपर्ट की राय?
Religare Broking में रिसर्च के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अजीत मिश्रा के मुताबिक कॉपर में अस्थिरता बढ़ रही है। कीमतों में तेज उछाल के बाद मुनाफावसूली बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पिछले दो हफ्तों में बेस मेटल में कुछ गिरावट आई है, लेकिन हर सपोर्ट लेवल पर खरीदार मिल रहे हैं। जनवरी 2026 में तांबे का बाजार ऑल-टाइम हाई के बाद अत्यधिक अस्थिरता का सामना कर रहा है। उन्होंने इस महीने के बाकी दिनों के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखा है।














