शुक्रवार को 24 घंटे के रिटर्न को देखें तो पाई नेटवर्क ने धमाल मचाया हुआ है। इसने दुनिया की सबसे महंगी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन को पीछे छोड़ दिया है। दोपहर 3:20 बजे बिटकॉइन करीब एक फीसदी की गिरावट के साथ करीब 67,400 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। वहीं पाई नेटवर्क में तेजी बनी हुई है।
Cryptocurrency News: क्रिप्टोकरेंसी निवेशकों को ₹11 लाख करोड़ का फायदा, बिटकॉइन से पाई नेटवर्क तक ने पकड़ी रफ्तार
पाई नेटवर्क का कितना रिटर्न?
पाई नेटवर्क कॉइन क्रिप्टोकरेंसी का पिछले कुछ दिनों का प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। लेकिन पिछले 24 घंटे में इसने निवेशकों को मुस्कुराने का मौका दिया है। 24 घंटे में पाई नेटवर्क में करीब डेढ़ फीसदी की तेजी आई है। इस तेजी के साथ यह 0.1716 डॉलर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि एक हफ्ते और एक महीने का रिटर्न नकारात्मक रहा है।
बाकी क्रिप्टो का क्या हाल?
शुक्रवार को कई बड़ी क्रिप्टो लाल निशान पर कारोबार कर रही थीं। यानी इनमें गिरावट बनी हुई है। 24 घंटे में इथेरियम और रिपल में करीब 3 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं सोलाना और डॉगकॉइन 2 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गए हैं। कार्डानो और केंटन में भी एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। हाइपरलिक्विड में एक फीसदी से ज्यादा की तेजी बनी हुई है।
क्या है एक्सपर्ट की सलाह?
डेल्टा एक्सचेंज की रिसर्च एनालिस्ट रिया सहगल के अनुसार क्रिप्टो बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि ईटीएफ में निवेश (इनफ्लो) सकारात्मक बना हुआ है, जो संस्थागत निवेशकों की लगातार रुचि का संकेत देता है। बिटकॉइन में 506 मिलियन डॉलर का शुद्ध निवेश दर्ज हुआ, जबकि एथेरियम में 157 मिलियन डॉलर का इनफ्लो देखा गया। उन्होंने कहा कि टेथर डॉमिनेंस लगभग 7.62% पर एक महत्वपूर्ण संकेतक बना हुआ है। इसमें गिरावट आने पर बिटकॉइन और व्यापक क्रिप्टो बाजार में नई मजबूती देखने को मिल सकती है।
डिस्क्लेमर: क्रिप्टोकरेंसी में 24 घंटे कारोबार होता है। ऐसे में इनकी कीमत पल-पल बदलती रहती है। कुछ ही मिनटों में क्रिप्टोकरेंसी की कीमत काफी गिर जाती है और निवेशकों को बड़ा नुकसान हो जाता है। ऐसे में इसमें निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर ले लें।














