सोमवार को सोना-चांदी गिरावट के साथ खुले थे। पूरे दिन दोनों धातुओं में उतार-चढ़ाव आता रहा। दोपहर में चांदी की कीमत गिरकर 2,25,805 रुपये प्रति किलो तक आ गई थी। वहीं रात 8:15 बजे तक दिन के कारोबार के दौरान यह बढ़कर 2,65,501 रुपये तक पहुंच गई थी। ऐसे में इसमें दिन के कारोबार में 41,600 रुपये से ज्यादा की तेजी आई। वहीं सोना दिन में 1,37,065 रुपये पर खुला था। दिन के कारोबार के दौरान यह 1,50,890 रुपये तक पहुंच गई थी। यानी दिन के कारोबार में इसमें 13,825 रुपये तक की तेजी आई।
Gold Silver Crash: सोना-चांदी के बाजार में आ गया है भूचाल, क्या करना चाहिए निवेशकों को?
दिल्ली में लुढ़के दाम
सोमवार को घरेलू बाजार में सोना और चांदी में गिरावट रही। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी 52,000 रुपये टूटकर 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि कमजोर वैश्विक रुझानों और मजबूत डॉलर के बीच सोना टूटकर 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
तीन सत्रों में बड़ी गिरावट
घरेलू बाजार में पिछले तीन सत्रों में चांदी की कीमतें 1,44,500 रुपये या लगभग 36 प्रतिशत गिरकर 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे आ गई हैं। 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम का स्तर 29 जनवरी को दर्ज किया गया जो अब तक की सबसे ऊंची कीमत थी। वहीं पिछले तीन सत्रों में सोना 30,300 रुपये या लगभग 17 प्रतिशत गिरकर 29 जनवरी के 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से नीचे आ गया है, क्योंकि तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की होड़ मच गई।
क्या है एक्सपर्ट की राय?
- मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में जिंस विश्लेषक मानव मोदी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शुल्क बातचीत के बीच डॉलर में उछाल और अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के कारण सोने और चांदी में गिरावट आई।
- लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग ने कहा कि केन्द्रीय बजट 2026-27 में घरेलू बाजारों में सोने और चांदी के आयात शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया। यह बाजार की उम्मीदों के विपरीत था, जिससे देश में कीमतों के लिए एक संभावित निकट समय का उत्प्रेरक खत्म हो गया।
- मिराए एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट प्रवीण सिंह ने कहा कि मजबूत डॉलर और राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा केविन वार्श को अगले फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के रूप में नामित करने के कारण भारी बिकवाली के दबाव में रहा।
जानें आपके शहर में सोने का भाव
गुडरिटर्न्स के मुताबिक देशभर में सोमवार को सोने का भाव प्रति ग्राम इस प्रकार रहा:
| शहर | 24K का भाव | 22K का भाव | 18K का भाव |
| चेन्नई | 15,218 रुपये | 13,950 रुपये | 12,00 रुपये |
| मुंबई | 15,317 रुपये | 14,040 रुपये | 11,488 रुपये |
| पुणे | 15,317 रुपये | 14,040 रुपये | 11,488 रुपये |
| कोलकाता | 15,317 रुपये | 14,040 रुपये | 11,488 रुपये |
| बेंगलुरु | 15,317 रुपये | 14,040 रुपये | 11,488 रुपये |
| जयपुर | 15,332 रुपये | 14,055 रुपये | 11,503 रुपये |
| पटना | 15,322 रुपये | 14,045 रुपये | 11,498 रुपये |
क्या करें निवेशक?
LKP सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जितेन त्रिवेदी का कहना है कि आगे चलकर सोने की कीमतों में अस्थिरता बनी रहने की उम्मीद है, लेकिन यह चांदी की तुलना में अधिक स्थिर रह सकता है। चांदी में और भी बड़े उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। वर्तमान चरण में सावधानी बरतना समझदारी है। जब तक अस्थिरता कम नहीं हो जाती और कीमतों की चाल स्थिर नहीं हो जाती, तब तक सावधानी बरतें।
पृथ्वी फिनमार्ट के मनोज कुमार के अनुसार निकट भविष्य में डॉलर इंडेक्स की चाल और चल रहे भू-राजनीतिक घटनाक्रमों से प्रभावित होकर दोनों धातुओं में अस्थिरता बनी रहने की संभावना है। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि जब तक कीमतों में स्थिरता के स्पष्ट संकेत नहीं दिखते, तब तक नए ट्रेड से बचें।













