लोगों को किया जाता है टार्गेट
CyberDost I4C ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से ट्वीट करके बताया है कि त्योहारों के मौसम में स्कैमर भी एक्टिव हो जाते हैं। नकली नौकरी के ऑफर, शादी का ऑफर, कम किराए का जाल, तुरंत लोन देने वाले ऐप और कस्टम पेमेंट स्कैम के नाम पर लोगों को टारगेट किया जाता है। इस ट्वीट की टैग लाइन थी- इस होली रंग लगाओ, चूना नहीं। ट्वीट में कई तरह के स्कैम के बारे में बताया गया है और उनसे बचने का तरीका भी दिया गया है।
बिना एप्लाई किए नहीं मिलती नौकरी
ट्वीट में बताया गया है कि अगर आपको ऐसे किसी नौकरी का ऑफर आता है, जिसके लिए आपने आवेदन नहीं किया था तो वह नौकरी नहीं स्कैम है। ट्वीट के अनुसार, फ्री में सिर्फ सलाह दी जाती है नौकरी नहीं। यदि आपसे नौकरी के नाम पर कोई फीस मांगी जा रही है तो समझ जाएं कि यह स्कैम है।
2000 रुपये का पास है धोखा
प्राइम लोकेशन पर आपको अगर किराए पर घर मिल रहा है तो वो एक स्कैम हो सकता है। घर दिखाने के लिए आपसे 2000 रुपये की मांग की जा रही है तो यह साफ तौर पर फ्रॉड है। आजकल प्रोपर्टी को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर किया जाता है। घर दिखाने के लिए एडवांस में रुपये नहीं देने होते हैं। पेमेंट हमेशा एग्रीमेंट के बाद होता है। अगर कोई पहले रुपये मांग रहा है तो वह स्कैम है।
इंस्टेंट लोन के नाम पर चल रहा यह स्कैम
इंस्टेंट लोन देने के लिए यदि आपके पास कोई apk फाइल आती है और आपसे कहा जाता है कि इसे डाउनलोड करें तो यह स्कैम है। कोई भी बैंक इस तरह लोन नहीं देती है। लोन केवल RBI रजिस्टर्ड बैंक या फिर NBFC से ही लें। बैंक का ऐप आधिकारिक ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें।














