पाकिस्तानी बल्लेबाज से रैंकिंग में आगे निकलने को टी20 वर्ल्ड कप से पहले सूर्या के लिए मेंटल बूस्टअप माना जा सकता है। सूर्या ने बैटिंग में लंबे समय तक खराब फेज के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैच में सबसे ज्यादा 236 रन बनाए हैं और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गे हैं। उन्होंने सीरीज में 3 फिफ्टी लगाई हैं। इसकी बदौलत सूर्या ने पिछले सप्ताह ही फिर से रैंकिंग के टॉप-10 में वापसी की थी।
अभिषेक अपनी ऑल टाइम बेस्ट रेटिंग के करीब
टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय धुरंधर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अब भी नंबर-1 पर बने हुए हैं। अभिषेक के बाद इंग्लैंड के फिल सॉल्ट दूसरे नंबर पर, जबकि जोस बटलर तीसरे नंबर पर हैं। लेकिन ये दोनों बल्लेबाज रेटिंग अंकों के लिहाज से अभिषेक के आसपास भी नहीं हैं। अभिषेक शर्मा के 917 रेटिंग अंक हैं, जबकि सॉल्ट के 834 और बटलर के 769 रेटिंग अंक हैं। अभिषेक शर्मा अपनी ऑल टाइम बेस्ट रेटिंग को पीछे छोड़ने के करीब हैं। उन्होंने साल 2025 में श्रीलंका के खिलाफ मैच के दौरान 931 रेटिंग अंक हासिल किए थे, जो उनका बेस्ट परफॉर्मेंस है। फिलहाल यह तय है कि अभी लंबे समय तक अभिषेक को नंबर-1 की पायदान से हटा पाना नामुमकिन है।
तिलक वर्मा को एक स्थान का नुकसान
न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज में चोट के कारण नहीं खेल पाने का तिलक वर्मा को रैंकिंग में नुकसान हुआ है। यह भारतीय धुरंधर अब तीसरे के बजाय चौथे स्थान पर खिसक गया है। तिलक के 766 रेटिंग अंक हैं और वे बटलर से बहुत ज्यादा पीछे नहीं हैं यानी टी20 वर्ल्ड कप में बढ़िया खेल उन्हें फिर से ऊपर पहुंचा सकता है। रैंकिंग में 5वें नंबर पर श्रीलंका के पाथुम निशांका (759 अंक) हैं, जबकि 8वें नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड (692 अंक), 9वें नंबर पर न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट (683 अंक) और 10वें नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श (663 अंक) हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में वरुण नंबर-1 पर बरकरार
टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने पहला स्थान बरकरार रखा है, जिनके 776 रेटिंग अंक हैं। दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के अबरार अहमद (748 अंक) आ गए हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बढ़िया बॉलिंग करके 2 स्थान की छलांग लगाई है। पिछले सप्ताह तक दूसरे नंबर पर मौजूद रहे अफगानिस्तान के राशिद खान (737 अंक) अब तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं, जबकि चौथे स्थान पर दो पायदान ऊपर उछलकर इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल राशिद (710 अंक) आ गए हैं।
टॉप-10 गेंदबाजों में वरुण चक्रवर्ती के अलावा किसी भारतीय गेंदबाज को जगह नहीं मिली है। वरुण के बाद रैंकिंग में दूसरे टॉप पायदान वाले भारतीय अर्शदीप सिंह हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच में 5 विकेट लेने वाले अर्शदीप सिंह दो स्थान उछलकर 631 अंकों के साथ 14वें नंबर पर, जबकि जसप्रीत बूमराह (630 अंक) दो स्थान नीचे खिसककर 15वें नंबर पर आ गए हैं।













