टॉप पर बरकरार अभिषेक शर्मा
आईसीसी टी20 रैंकिंग्स में अभिषेक शर्मा टॉप पर बने हुए हैं। उनके 929 रेटिंग पॉइंट्स हो गए हैं, जो उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग पॉइंट्स (931) से सिर्फ 2 कम है। अभिषेक का बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में 84 तो तीसरे टी20 में 68 रन की नाबाद पारी खेली थी। दोनों मैचों में उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की थी।
आईसीसी टी20 लेटेस्ट रैंकिंग्स में दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के फिल साल्ट हैं, जिनके 849 रेटिंग अंक हैं। इसके बाद तीसरे पर तिलक वर्मा (781 रेटिंग पॉइंट्स), चौथे पर जोस बटलर (770 रेटिंग पॉइंट्स) और पांचवें पर साहिबजादा फरहान (763 रेटिंग पॉइंट्स) हैं।
टॉप 10 में सूर्यकुमार यादव की हुई वापसी
भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव लंबे समय से खराब फॉर्म में चल रहे थे। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने फॉर्म में वापसी की और शानदार बैटिंग की। यह भारत के लिए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिहाज से अच्छे संकेत हैं। इसी के साथ सूर्यकुमार यादव की टॉप 10 में भी वापसी हो गई है। वह टी20 रैंकिंग्स में 12वें स्थान पर थे। हालांकि, इस बार उन्होंने 5 पायदान की छलांग लगाई है। अब वह 7वें नंबर पर आ गए हैं। उनके 717 रेटिंग पॉइंट्स हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 82 तो तीसरे टी20 में नाबाद 57 रन बनाए।













