‘इक्का’ के टीजर में क्या?
‘इक्का’ एक कोर्टरूम ड्रामा है, जिसके टीजर में सनी देओल और अक्षय खन्ना के किरदारों की झलक दिखाई गई है। टीजर शुरू होता है तो सनी देओल वकील की ड्रेस में तैयार होकर कोर्ट जाते दिखते हैं। आंखें गीली हैं और चेहरे पर दुख और मायूसी के बादल छाए हैं। वह कोर्ट में हैं और तभी अक्षय खन्ना की एंट्री होती है। एकदम रहमान डकैत स्टाइल में एंट्री मारते हुए अक्षय एकदम ‘दुखती रग’वाली नजरों से सनी देओल को देखते हैं।
अक्षय खन्ना पर चिल्लाए सनी देओल
फिर टीजर में कुछ सीन्स और उठा-पटक दिखाई जाती है, जो किसी बड़ी घटना की ओर इशारा करती है। फिर एक सीन आता है, जहां सनी देओल, अक्षय खन्ना से पूछताछ कर रहे हैं और फिर उन्हें जोरदार मुक्का मारते हैं। बस आखिर में अक्षय के किरदार की आवाज सुनाई देती है- टिक,टिक बूम। और यह सुनते ही सनी देओल जोर से चिल्लाते हैं- शट अप। कोर्ट रूम में हर कोई उनकी चीख से सहम जाता है।
‘इक्का’ में अक्षय को देख फैंस बोले- रहमान डकैत से बाहर नहीं निकल रहे
‘इक्का’ का टीजर देख फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है और वो तारीफ कर रहे हैं। जहां सनी देओल के वकील वाले रौद्र रूप ने उनके ‘दामिनी’ वाले किरदार की याद दिला दी, वहीं अक्षय को देख फैंस को रहमान डकैत याद आ गया। एक फैन ने टीजर देख कमेंट किया, ‘रियल ओजी वापस आ गए हैं एक बार फिर बॉलीवुड पर राज करने। एक ने लिखा, ‘रहमान डकैत वापस आ गया।’ एक का कमेंट है, ‘सर के अंदर का रहमान डकैत नहीं जा रहा।’ एक बोला, ‘जब तारा सिंह रहमान डकैत से मिला।’
‘इक्का’ की कास्ट
‘इक्का’ में सनी देओल और अक्षय खन्ना के अलावा दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, संजीदा शेख और आकांक्षा रंजन कपूर हैं। यह ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर जल्द ही रिलीज होगी। अभी रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है।
अक्षय खन्ना और सनी देओल की फिल्में
अक्षय खन्ना और सनी देओल की बात करें, तो करीब 29 साल बाद दोनों किसी फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं। इससे पहले दोनों साथ में 1997 में आई ‘बॉर्डर’ में नजर आए थे। हालांकि, ‘बॉर्डर 2’ में भी अक्षय खन्ना दिखे, पर वह उनका फ्लैशबैक सीन था। अब मार्च में ‘धुरंधर 2’ रिलीज होगी, और अभी यह पता नहीं है कि इसमें अक्षय खन्ना नजर आएंगे या नहीं क्योंकि पहले पार्ट में उनके रहमान डकैत के किरदार की मौत दिखा दी गई थी।













