भारतीय टीम को टूर्नामेंट के ग्रुप ए में रखा गया है। इसमें भारत के अलावा पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड की भी टीम है। 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत का पहला मुकाबला अमेरिका से है। इसके बाद टीम 12 को नामीबिया का सामना अरुण जेटली स्टेडियम में करेगी। 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला कोलंबो में होना है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और नीदरलैंड का मैच 18 फरवरी को खेला जाएगा। टी20 विश्व कप में 4 ग्रुप हैं और हर ग्रुप की टॉप-2 टीमों को सुपर-8 में जगह मिलेगी।
भारतीय टीम का टी20 विश्व कप में शेड्यूल
| तारीख | मुकाबला | मैदान | समय (IST) |
| 7 फरवरी 2026 | भारत बनाम अमेरिका | वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई | 7:00 PM |
| 12 फरवरी 2026 | भारत बनाम नामीबिया | अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली | 7:00 PM |
| 15 फरवरी 2026 | भारत बनाम पाकिस्तान | आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो | 7:00 PM |
| 18 फरवरी 2026 | भारत बनाम नीदरलैंड | नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद | 7:00 PM |
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उतरेगी टीम
भारतीय टीम 2026 टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उतरेगी। उपकप्तानी की जिम्मेदारी अक्षर पटेल के पास है। पिछले टी20 विश्व कप के बाद से भारतीय टीम एक भी सीरीज नहीं हारी है। टीम में दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के साथ ही नंबर-1 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती भी हैं। स्क्वाड में 8 ऐसे खिलाड़ी हैं जो पिछले टी20 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे जबकि 7 नए नामों को जगह मिली है।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारत की टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।













