फिलिप्स का वनडे में दूसरा शतक
दाएं हाथ के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स न्यूजीलैंड के लिए 5वें नंबर पर उतरे। उन्होंने 83 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। 8 चौके और 3 छक्कों से वह शतक तक पहुंचे। यह वनडे में उनका दूसरा शतक है। फिनिशर की भूमिका में खेलने वाले फिलिप्स ने इससे पहले पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ 106 रनों की पारी खेली थी। इस मुकाबले में भी वह 106 रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने ग्लेन फिलिप्स का विकेट लिया। केएल राहुल ने उनका कैच लपका। फिलिप्स ने 88 गेंदों का सामना किया और 9 चौकों के अलावा तीन छक्के मारे। उन्होंने डैरेल मिचेल के साथ बेहतरीन साझेदारी बनाई। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 186 गेंदों पर 219 रन जोड़े। यह न्यूजीलैंड के लिए भारत में किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है।
न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब थी
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। पहले ओवर में हेनरी निकोलस आउट हो गए। दूसरे ओवर में डेवोन कॉन्वे का विकेट गिर गया। इसके बाद 58 पर विल यंग भी आउट हो गए। यहां से ग्लेन फिलिप्स ने डैरेल मिचेल के साथ मिलकर पारी को संभाला। शुरुआत में फिलिप्स काफी संभलकर खेल रहे थे। उन्होंने अपना पहला चौका लगाने के लिए 37 गेंद ले लीं। यह वनडे में पहली बाउंड्री के लिए उनके द्वारा ली गई सबसे ज्यादा गेंद भी है।













