सेंटनर ने हेनरी को हटाकर गलती कर दी
दो ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 8 रन था। टीम इंडिया प्रेशर में थी। मैट हेनरी नई गेंद के बेहतरीन गेंदबाज हैं। उम्मीद की जा रही थी कि वह तीसरे ओवर में फिर से बॉलिंग करने आएंगे लेकिन न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर का इरादे कुछ और थे। वह जैक फाउल्क्स को गेंदबाजी पर लेकर आ गए। उन्होंने पहली गेंद नो डाल दी। इसपर ईशान किशन ने चौका मार दिया। इसके बाद फाउल्क्स ने दो वाइड फेंकी।
जैक फाउल्क्स ने 24 रन खर्च कर दिए
पहली लीगल गेंद फ्री हिट थी और ईशान ने इसपर चौका लगाया। इसके बाद फाउल्क्स ने फिर वाइड डाली। यानी एक गेंद पर ही उन्होंने 12 रन दे दिए। गेंदबाज प्रेशर में आ चुका था। इस ओवर में ईशान किशन ने आखिरी तीन गेंद पर एक चौका और एक छक्का लगाया। तीसरे ओवर में भारत को 24 रन मिल गए। दो ओवर में 8 रन से तीन ओवर में स्कोर 32 रन हो गया। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
16वें ओवर में ही भारत को जीत मिली
भारत ने दूसरे टी20 मैच को 7 विकेट से जीता। इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी कीवी टीम ने 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए। भारत ने 16वें ओवर में 28 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। सूर्या ने 82 जबकि ईशान ने 76 रनों की पारी खेली।














