टीम इंडिया के बल्लेबाजों की ताबड़तोड़ बैटिंग
मैच में ईशान किशन ने 42 गेंदों पर अपना शानदार शतक पूरा किया, जो भारत के लिए पांचवां सबसे तेज शतक है। उन्होंने 43 गेंदों पर 103 रन बनाए। इससे पहले अभिषेक शर्मा ने भी अच्छी शुरुआत दी। सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर 63 रन की अहम पारी खेली। वहीं हार्दिक पंड्या ने 17 गेंदों पर 42 रन बनाकर टीम के स्कोर को 271 तक पहुंचाया।
मैच में ठोके 23 छक्के
इस मैच में भारत ने कुल 23 छक्के जड़े, जिनमें से 10 अकेले ईशान किशन के बल्ले से निकले। इस सीरीज़ में भारत ने कुल 69 छक्के लगाए, जो किसी द्विपक्षीय टी20 सीरीज़ में किसी भी टीम द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्कों का नया विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के नाम संयुक्त रूप से था। इंग्लैंड ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज में 64 छक्के जड़े थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐसी ही सीरीज में 64 छक्के लगाए थे।
द्विपक्षीय सीरीज में किसी टीम द्वारा लगाए गए सबसे अधिक छक्के:
- 69- ( भारत बनाम न्यूजीलैंड 2026, 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच)
- 64- (इंग्लैंड बनाम वेस्ट इंडीज 2023, 5 मैच)
- 64- (ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्ट इंडीज 2025, 5 मैच)
- 62- (कंबोडिया बनाम इंडोनेशिया 2025, 8 मैच)
टीम इंडिया का कमाल
भारत का 271 का स्कोर टी20 में उनका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 297 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 283 का स्कोर बनाया था। भारतीय गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, हालांकि फिन एलन ने 38 गेंदों पर 80 रन की तेज पारी खेली। भारत ने यह मैच 46 रनों से जीता और सीरीज 4-1 से अपने नाम की।













