कब और कहां खेला जाएगा यह मैच?
भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप का यह सुपर सिक्स स्टेज मैच रविवार (1 फरवरी) को खेला जाएगा। यह मैच जिम्बाब्वे के बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला सुपर सिक्स स्टेज का 12वां मैच होगा, जिसकी शुरुआत दोपहर 1 बजे से होगी। मैच में टॉस दोपहर 12.30 बजे किया जाएगा।
कहां देख सकते हैं इस मैच को लाइव?
भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप मैच ( India vs Pakistan U19 World Cup 2026) को टीवी के अलावा ऑनलाइन भी लाइव देखा जा सकता है। टीवी पर यह मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा, जबकि इसकी ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग का लुत्फ जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लिया जा सकता है।
रनरेट के लिहाज से अहम रहेगा ये मैच
सुपर सिक्स स्टेज के ग्रुप-2 में भारत, पाकिस्तान और इंग्लैंड सेमीफाइनल के दो स्पॉट की दावेदार हैं। भारत-इंग्लैंज के 6-6 पॉइंट हैं, जबकि पाकिस्तान के 4 पॉइंट हैं। यदि भारत ने पाकिस्तान को हराया तो सेमीफाइनल की दोनों टीमें सीधे ही तय हो जाएंगी। भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल खेलेंगे, लेकिन यदि पाकिस्तान ने किसी तरह भारत को हरा दिया तो उसके भी 6 पॉइंट हो जाएंगे। ऐसे में फैसला नेट रनरेट से होगा। इसमें भारत पहले ही +3.337 नेट रनरेट के साथ बाकी दोनों से बहुत आगे है यानी उसका सेमीफाइनल खेलना तय है।
इंग्लैंड का नेट रनरेट +1.989 है, जबकि पाकिस्तान का +1.484 है। इंग्लैंड को अभी आखिरी मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है। ऐसे में उसका नेट रनरेट और ज्यादा अच्छा हो जाएगा। इंग्लैंड को नेट रनरेट में पीछे छोड़ने के लिए पाकिस्तान को भारत के खिलाफ मैच उसी तरह भारी अंतर से जीतना होगा, जिस तरह उसने अंडर-19 एशिया कप मैच जीता था। वह कारनामा दोहराना थोड़ा मुश्किल नजर आता है। ऐसे में पाकिस्तान के बाहर होने के चांस ज्यादा हैं।













