न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पुरुष टीम की शुरुआत
पुरुष टीम इंडिया के लिए साल 2026 की चुनौतियों की शुरुआत व्हाइट बॉल क्रिकेट से होगी। यह चुनौती देने के लिए न्यूजीलैंड की टीम जनवरी के दूसरे सप्ताह में भारत पहुंच रही है। साल 2025 में भारतीय पुरुष टीम ने चैंपियंस ट्ऱॉफी जीती है तो एशिया कप खिताब भी अपने नाम किया है। व्हाइट बॉल क्रिकेट में उसे हराना लगभग असंभव सा रहा है। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 इंटरनेशनल और 3 वनडे मैचों की सीरीज उसे टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अपना रंग बरकरार रखने में मदद देगी, जिसमें टीम इंडिया दावेदार के तौर पर उतर रही है।
टी20 वर्ल्ड कप है असली चुनौती
टीम इंडिया के सामने टी20 वर्ल्ड कप 2026 असली चुनौती है, जिसकी शुरुआत 7 फरवरी से होगी और 8 मार्च को फाइनल के साथ समापन होगा सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टी20 टीम इंडिया को इसमें दो मिथक तोड़ने होंगे। पहला मिथक मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीतने का है, जबकि दूसरा मिथक है कि लगातार दो बार कोई टीम यह खिताब नहीं जीती है। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था और अब मुकाबला उसकी ही मेजबानी में हो रहा है। आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2016 भारत की मेजबानी में खेला गया था, जिसमें वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में भारतीय चुनौती को खत्म कर दिया था। इसके बाद वेस्टइंडीज ने फाइनल मुकाबला जीतकर अपने देश के लिए 1979 के बाद पहला वैश्विक खिताब जीता था।
टी20 वर्ल्ड कप के बाद आईपीएल और एशिया कप
टी20 वर्ल्ड कप के फौरन बाद भारतीय क्रिकेट कैलेंडर के सबसे बड़े शो इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL 2026 ) का धमाल शुरू हो जाएगा। इसका आयोजन मार्च से मई तक होगा, क्योंकि इस दौरान कोई इंटरनेशनल शेड्यूल तय नहीं है। भारतीय पुरुष टीम को इस साल आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के सायकल के तहत कम से कम 4 रेड बॉल टेस्ट मैच खेलने हैं, जिनमें दो सीरीज विदेश में होनी हैं। श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ ये दोनों विदेशी सीरीज साल के आखिरी छमाही में शेड्यूल हैंय़
महिला कैलेंडर की शुरुआत WPL के साथ
महिला क्रिकेट का धमाल यूं तो श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा सीरीज के तहत चल ही रहा है, लेकिन इसका असली हंगामा वुमन्स प्रीमियर लीग ( WPL 2026 ) के साथ शुरू होगा, जो इस साल फरवरी-मार्च के बजाय जनवरी-फरवरी में शेड्यूल की गई है। इसके बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाएगी। जून-जुलाई में इंग्लैंड में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन महिला वर्ग में किया जाएगा। वर्ल्ड कप के बाद पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऐतिहासिक लॉर्डस क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड की महिलाओं के साथ टेस्ट मैच खेलने का मौका मिलेगा। यह अवसर ऐतिहासिक है, क्योंकि लॉर्ड्स में आज तक महिला टेस्ट मैच आयोजित नहीं हुआ है।
यह है भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का 2026 का शेड्यूल
| दौरा / सीरीज / इवेंट | मेजबान देश | मैच | तारीख |
| भारत बनाम न्यूजीलैंड | भारत | 5 T20I, 3 ODI | 11 – 31 जनवरी |
| ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 | भारत और श्रीलंका | T20I टूर्नामेंट | 7 फरवरी – 8 मार्च |
| भारत बनाम अफगानिस्तान | भारत | 1 टेस्ट, 3 ODI | जून (तारीखें तय होना बाकी) |
| इंग्लैंड बनाम भारत | इंग्लैंड | 5 T20I, 3 ODI | 1 – 19 जुलाई |
| श्रीलंका बनाम भारत | श्रीलंका | 2 टेस्ट | अगस्त (तारीखें तय होना बाकी) |
| अफगानिस्तान बनाम भारत | तय होना बाकी (TBD) | 3 T20I | सितंबर (तारीखें तय होना बाकी) |
| भारत बनाम वेस्टइंडीज | भारत | 3 ODI, 5 T20I | सितंबर – अक्टूबर |
| एशियाई खेल 2026 | जापान | T20I टूर्नामेंट | 19 सितंबर – 4 अक्टूबर |
| न्यूजीलैंड बनाम भारत | न्यूजीलैंड | 2 टेस्ट, 3 ODI, 5 T20I | अक्टूबर – नवंबर |
| भारत बनाम श्रीलंका | भारत | 3 ODI, 3 T20I | दिसंबर (तारीखें तय होना बाकी) |
यह है भारतीय महिला क्रिकेट टीम का 2026 का कैलेंडर
| दौरा / सीरीज / इवेंट | मेजबान देश | फॉर्मेट | तारीख |
| ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत | ऑस्ट्रेलिया | 1 टेस्ट, 3 T20I, 3 ODI | 15 फरवरी – 9 मार्च |
| इंग्लैंड बनाम भारत | इंग्लैंड | 3 T20I | 28 मई – 2 जून |
| ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 | इंग्लैंड और वेल्स | T20I टूर्नामेंट | 12 जून – 5 जुलाई |
| इंग्लैंड बनाम भारत | इंग्लैंड | 1 टेस्ट | 10 – 13 जुलाई |
| एशियाई खेल 2026 | जापान | T20I टूर्नामेंट | 19 सितंबर – 4 अक्टूबर |
सितंबर में होंगे एशियन गेम्स
भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के टारगेट पर एशियन गेम्स 2026 ( Asian Games 2026 ) का गोल्ड मेडल भी है, जिसका आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक जापान के नागोया और आइची में किया जा रहा है। इसके अलावा भी भारतीय पुरुष और महिला टीमों को पूरा साल तीनों फॉर्मेट में अपने घर और विदेश में कई द्विपक्षीय सीरीज में भाग लेने का मौका मिलेगा।














