विराट कोहली के हैं फैन
विशाल निषाद के लिए विराट कोहली सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि क्रिकेट खेलने की सबसे बड़ी वजह हैं। विशाल ने बताया कि वे कोहली के खेल के प्रति जज्बे और उनके आक्रामक रवैये के बहुत बड़े फैंस हैं। जब उनसे उनके ड्रीम विकेट और सेलिब्रेशन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी विनम्रता से कहा, ‘विराट कोहली मेरे आइडल हैं। अगर मैं उनका विकेट लेता हूं, तो मैं उनके पैर छूऊंगा क्योंकि उन्हीं को देखकर मैंने सपने देखना शुरू किया।’
पिता के साथ काम और क्रिकेट छोड़ने का विचार
विशाल की यहां तक पहुंचने की कहानी संघर्षों से भरी है। एक समय ऐसा था जब आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने क्रिकेट छोड़ने का मन बना लिया था। विशाल अपने पिता के काम में हाथ बंटाते थे और उनकी मां ने भी उन्हें सलाह दी थी कि क्रिकेट में भविष्य बनाना बहुत मुश्किल है, इसलिए उन्हें कोई हुनर सीख लेना चाहिए। लेकिन विशाल के दृढ़ संकल्प ने उनके परिवार का दिल जीत लिया और उन्होंने “मां, मैं यह ज़रूर करूँगा” कहकर अपनी मेहनत जारी रखी।
टेनिस बॉल से लेदर बॉल तक का सफर
विशाल की गेंदबाजी की शुरुआत टेनिस बॉल क्रिकेट से हुई थी। उनके एक दोस्त ने उनके अनूठे बॉलिंग एक्शन को देखकर उन्हें लेदर बॉल से खेलने की सलाह दी। टेनिस बॉल से गेंद को स्पिन कराने की कला उनके काम आई और उन्होंने अपनी उसी स्किल को लेदर बॉल पर भी अपनाया। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उनके कोच ने तीन साल तक उनसे कोई फीस नहीं ली, जिससे उनका रास्ता आसान हो गया।
स्थानीय लीग से पंजाब किंग्स तक का रास्ता
विशाल निषाद ने उत्तर प्रदेश की एक स्थानीय टी20 लीग में लगातार दो साल तक अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाया। इसी प्रदर्शन के दम पर पंजाब किंग्स के स्काउट्स की नजर उन पर पड़ी और उन्हें आईपीएल का अनुबंध मिला। टेनिस बॉल क्रिकेट की विविधता और लेदर बॉल पर नियंत्रण विशाल को एक खतरनाक गेंदबाज बनाता है। अब पूरी दुनिया को इंतजार है उस पल का जब यह युवा खिलाड़ी अपने आइडल विराट कोहली के सामने गेंदबाजी करने उतरेगा।













