पश्चिम एशिया में फंसे भारतीय लौटने लगे हैं
दुबई से दिल्ली आने वाली फ्लाइटों में एयर इंडिया के दो प्लेन और 143 पायलट और केबिन क्रू मेंबर भी शामिल हैं, जो मंगलवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड किए। इनमें एयर इंडिया की एक फ्लाइट से 143 पायलट और केबिन क्रू मेंबर और दूसरी फ्लाइट से 149 लोग दिल्ली लैंड किए। युद्ध शुरू होने के बाद एयर इंडिया की पहली फ्लाइट थीं जबकि सोमवार रात 8:40 बजे 310 यात्रियों के साथ एतिहाद एयरवेज की और सोमवार-मंगलवार आधी रात के बाद 2:40 बजे एमिरेट्स की फ्लाइट 325 यात्रियों को लेकर दिल्ली लैंड की। मंगलवार दोपहर 1:20 बजे भी ओमान एयर की एक फ्लाइट 300 यात्रियों के साथ मस्कट से दिल्ली पहुंची।
फ्लाइटों का भारत आना हालात पर निर्भर करता हैः भारतीय अधिकारी
इसी तरह, करीब 700 लोगों के साथ दुबई से एमिरेट्स की दो फ्लाइट मंगलवार सुबह और दोपहर को मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड की। एक फ्लाइट बेंगलुरु में भी लैंड की। दिल्ली और मुंबई दोनों ही एयरपोर्ट पर एयर इंडिया, स्पाइसजेट, इंडिगो, स्टार एयर, एमिरेट्स, रॉयल जॉर्डनियन और गल्फ एयर की फ्लाइटें तीन और मार्च को इन दोनों एयरपोर्ट पर लैंड करेंगी। नागर विमानन मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि यह बंद एयर स्पेस के खुलने के स्लॉट और हालातों पर निर्भर करता है कि हम कितनी फ्लाइटों को वहां से भारत ला सकते हैं।
इंडिगो जेद्दा से 10 स्पेशल रिलीफ फ्लाइट ऑपरेट कर रहा
इंडिगो जेद्दा से भारत के लिए 10 स्पेशल रिलीफ फ्लाइट ऑपरेट कर रहा है जिसमें वह तीन मार्च से अगले कुछ दिनों तक संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और कोच्चि के लिए अपनी फ्लाइट ऑपरेट करेगा। एयर इंडिया ने भी कहा है कि मिडिल-ईस्ट के अलावा वह अपनी अमेरिका, कनाडा, यूके और यूरोप वाली फ्लाइट भी शुरू कर दी हैं।कुछ फ्लाइटों को छोड़कर वह अपनी लंबी दूरी की शेडयूल फ्लाइटों को ऑपरेट कर रहा है।
पता नहीं किस एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट करना पड़ जाए
दूसरी तरफ, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने दिल्ली और मुंबई समेत देश के तमाम 33 इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेटर लिखकर पूछा है कि उनके पास अगले सात दिनों के लिए कितना एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) है। उनके एयरपोर्ट पर हर दिन की तेल की डिमांड कितनी है। ऐसा तो नहीं कि किसी एयरपोर्ट पर तेल की कमी आती जा रही हो। जिसे समय रहते पूरा करना होगा। हालांकि, विदेशी धरती से उड़ने से पहले तमाम भारतीय और विदेशी एयरलाइंस की फ्लाइटें अब अतिरिक्त फ्यूल लेकर उड़ रही हैं। सभी पायलटों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वह इंटरनेशनल फ्लाइटों को टेक ऑफ कराने से पहले एक्सट्रा फ्यूल लेकर उड़ें। पता नहीं रास्ते में कहां से उन्हें किस एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट करना पड़ जाए।













