दिलचस्प बात यह है कि एक तरफ जहां ‘द केरल स्टोरी 2’ पर विवाद बढ़ रहा है, वहीं हर छोटी बात पर बिदकने वाली सेंसर बोर्ड ने इसे UA सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड’ के मेकर्स ने खुद यह ऐलान करते हुए खुशी जताई है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की तरफ से ‘UA’ सर्टिफिकेट मिला है। इसका मतलब है कि अब यह फिल्म पूरे भारत के सिनेमाघरों में बड़े लेवल पर रिलीज होगी।
विजयन बोले- यह फिल्म झूठ, नफरत और केरल विरोधी प्रोपेगैंडा
मुख्यमंत्री विजयन ने फिल्म के पिछले पार्ट को भी ‘राज्य के खिलाफ नफरत फैलाने और सेक्युलर परंपरा को कमजोर करने का इरादा’ बताया था। अब उन्होंने एक बार फिर कहा है, ‘इस देश को एहसास हुआ कि इसका पहला हिस्सा, जो झूठ, नफरत और केरल विरोधी प्रोपेगैंडा से भरा था, सांप्रदायिक मकसद से बनाया गया था। अब दूसरा हिस्सा, जिसमें जबरन धर्म परिवर्तन की घटनाओं को दिखाया गया है, भी प्रोपेगैंडा को बढ़ावा देता है।’
CM ने पूछा- ऐसे जहरीले काम को पब्लिक स्क्रीनिंग की इजाजत क्यों?
फेसबुक पर शेयर किए गए अपने बयान में, मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि ‘समाज में बंटवारा और नफरत फैलाने’ के लिए बनाए गए ‘जहरीले काम’ को पब्लिक स्क्रीनिंग की इजाजत क्यों दी गई, खासकर तब जब ‘बीफ’ (स्पेनिश फिल्म) जैसी फिल्मों को सिर्फ टाइटल की वजह से फेस्टिवल्स से रोक दिया गया है। मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, ‘वे आपसी सहमति से हुई शादियों को भी सांप्रदायिकता और जबरन धर्म परिवर्तन का उदाहरण बताकर झूठा प्रोपेगैंडा फैला रहे हैं।’
आयशा टाकिया के ससुर बोले- यह सिर्फ मुसलमानों को तकलीफ के लिए
इस बीच, एक्ट्रेस आयशा टाकिया के ससुर और समाजवादी पार्टी के नेता अबू आसिम आजमी ने भी खुलकर फिल्म की आलोचना की है। न्यूज एजेंसी ‘आईएएनएस’ से बात करते हुए अबू आजमी ने कहा, ‘यह तो सब नफरत की बात है, सब झूठी बात है। सब झूठ है कि मुसलमान, हिंदू को पकड़ता है और फंसाता है। बिल्कुल झूठ है। अगर कोई जातीय शादी करता है तो उसको जरूर सजा दी जाए। पर कोई फंसाता नहीं है। यह सब जो है, वो सिर्फ और सिर्फ मुसलमानों को तकलीफ देने की बात है।’ उन्होंने आगे सवालिया लहजे में कहा कि अगर किसी हिंदू लड़की से मुस्लिम ने शादी की, तो क्या उसको आप मार डालेंगे जान से? उसको बर्बाद कर देंगे? सपा नेता ने कहा, ‘देश संविधान से चलना चाहिए। यह जो मनमानी चल रही है देश में, मैं समझ रहा हूं कि पानी सिर से ऊंचा हो रहा है।’
मुख्यमंत्री विजयन की सेक्युलरिज्म और भाईचारे की अपील
उधर, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ‘द केरल स्टोरी 2’ को लेकर बुरी तरह भड़के हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘ऐसी ताकतें केरल के खिलाफ हैं, एक ऐसा राज्य जहां कोई सांप्रदायिक दंगे नहीं होते और समुदायों के बीच आपसी सम्मान की परंपरा है। उन्हें ‘राज्य का दुश्मन’ बताते हुए, ऐसी फिल्मों के जरिए इलाके की शांति और सुकून को खत्म करने की कोशिश हो रही है। हमें मिलकर केरल को, जो धार्मिक सद्भाव की भूमि है और सस्टेनेबल डेवलपमेंट में सबसे आगे है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में एक मॉडल है, आतंकवाद के केंद्र के तौर पर दिखाने की कोशिशों को खारिज करना चाहिए। यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम यह पक्का करें कि झूठे प्रोपेगैंडा से केरल की सेक्युलर नींव को नुकसान न पहुंचे और सेक्युलरिज्म और भाईचारे की वैल्यूज को बनाए रखते हुए इसे खारिज करें।’
‘सच की हमेशा जीत होगी’
मुख्यमंत्री ने फेसबुक के साथ ही X पर भी एक पोस्ट में अपनी बात दोहराई। उन्होंने ऐसे ‘जहरीले काम’ के खिलाफ एकता की अपील की है। उन्होंने X पर लिखा, ‘हमें अपनी सद्भाव की जमीन को आतंक का अड्डा दिखाने की इन कोशिशों के खिलाफ एकसाथ खड़ा होना चाहिए। सच की हमेशा जीत होगी।’
इधर विपुल शाह ने सेंसर बोर्ड के लिए पढ़े कसीदे
बहरहाल, एक ओर जहां विवाद बढ़ रहा है, वहीं फिल्म के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने सेंसर बोर्ड को शुक्रिया कहा है। एक आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा , ‘मैं अपनी फिल्म को UA सर्टिफिकेट देने के लिए सेंसर बोर्ड का दिल से शुक्रगुजार हूं। यह हमारी नीयत और उस ईमानदारी पर उनके भरोसे को दिखाता है जिससे हमने यह कहानी सुनाई है। यह फैसला इसलिए भी खास है, क्योंकि अब हम देशभर की युवा लड़कियों और परिवारों तक पहुंच पाएंगे। हमारा मकसद हमेशा से जागरूकता फैलाना, जानकारी देना और युवाओं को इतना मजबूत बनाना रहा है कि वे चौकन्ने रहें और सही फैसले ले सकें। मैं बोर्ड को उनके सही और सोच-समझकर लिए गए फैसले के लिए शुक्रिया कहता हूं, जिससे यह मैसेज अगली पीढ़ी तक पहुंच सकेगा।’
‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज डेट
‘द केरल स्टोरी 2’ इसी महीने के आखिर में 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। जबकि इस बार फिल्म के डायरेक्टर को बदला गया है। पिछली फिल्म को सुदीप्तो सेन ने डायरेक्ट किया था, जबकि इस बार निर्देशन कामख्या नारायण सिंह कर रहे हैं।
‘द केरल स्टोरी’ पर विवाद, कोर्ट ने गलत तथ्यों के लिए लगाई थी फटकार
इससे पहले साल 2023 में रिलीज ‘द केरल स्टोरी‘ पर भी तथ्यों को गलत तरीके से दिखाकर प्रोपेगैंडा फैलाने का आरोप लगा था। फिल्म के पहले टीजर में ही राज्य की 32,000 महिलाओं के कट्टरपंथी बनने और ISIS में शामिल होने का दावा किया गया था। इस आंकड़े की बहुत आलोचना हुई और इसे झूठा और बेबुनियाद प्रोपेगैंडा बताया गया। बेमतलब की स्क्रीनप्ले और सांप्रदायिक झगड़े को बढ़ावा देने के लिए इसे बुरा-भला कहा गया। बाद में मामला हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां मेकर्स अपने दावे से पलट गए। बाद में उन्होंने कहा कि ये 3 महिलाओं की कहानी है। कोर्ट की फटकार के बाद मेसर्क ने फिल्म के टीजर को हटा लिया।
‘द केरल स्टोरी’ बॉक्स ऑफिस पर थी सुपरहिट
फ्रेंचाइज की यह पहली फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ में अदा शर्मा, सोनिया बलानी, योगिता बिहानी और सिद्धि इदनानी लीड रोल में थीं। इसे केरल में बैन किया गया था। हालांकि, इसने बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की। सुदीप्तो सेन को इसके लिए बेस्ट डायरेक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला। जबकि प्रशांतु महापात्रा ने बेस्ट सिनेमैटोग्राफी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता। इस फिल्म ने देश में 241.74 करोड़ का नेट कलेक्शन और वर्ल्डवाइड 302 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था।













