Korean Love Game कहां खेला जाता है?
Korean Love Game कहां खेला जाता है इसका कोई सटीक जवाब नहीं है। एनडीटीवी की रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस तरह के गेम या तो सोशल मीडिया या फिर कुछ खास मोबाइल ऐप्स में खेले जाते हैं। आज़ाद हिन्द टेक ने Korean Love Game को सर्च किया तो हमें गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर पर कोई डेडिकेटेड गेम नहीं मिला।
5 पॉइंट्स में समझें कैसे होता है बच्चों के दिमाग पर कब्जा
- रिपोर्ट के अनुसार, गेम खेलने वाले बच्चे अजनबियों से संपर्क में रहते हैं।
- अजनबी व्यक्ति बच्चों से दोस्ती और प्यार की बातें करता है और खुद को कोरियाई या विदेशी नागरिक बताता है।
- बच्चे भरोसा करने लगते हैं तो उन्हें कुछ काम दिए जाते हैं जैसे- रात में जगना।
- वक्त के साथ सारे काम मुश्किल हो जाते हैं। चैलेंज को बढ़ा दिया जाता है।
- यह चैलेंज पूरे 50 दिनों तक चलता है, जिसमें 50वें दिन खुदकुशी का चैलेंज दिया जाता है।
‘गेम मास्टर’ की क्या भूमिका?
गेम मास्टर वही अजनबी होता है जो बच्चों के साथ संपर्क में रहता है। पहले वह बच्चों से नरमी से पेश आता है और फिर उन पर सख्ती दिखाना शुरू कर देता है। एक बार जब बच्चे गेम के आदी हो जाते हैं तो ‘गेम मास्टर’ उन्हें धमकी देता है और अपना हुकुम चलाता है। रिपोर्ट के अनुसार, गाजियाबाद के मामले में बहनों की मौत को सीधे तौर पर कोरियाई लव गेम से नहीं जोड़ा गया है, लेकिन जांच में पता चला है कि वह इस गेम की लत का शिकार हो गई थीं।













