रविवार को पुष्य नक्षत्र पड़ने पर रवि पुष्य बनता है जो औषधि आदि के चयन के लिए सर्वोत्तम माना गया है। विवाह को छोड़कर सभी मांगलिक शुभ कार्यों में पुष्य नक्षत्र का विशेष महत्व है। शास्त्रों में पुष्य को सौ दोषों को दूर करने वाला, शुभ कार्य उद्देश्यों में निश्चित सफलता प्रदान करने वाला एवं बहुमूल्य वस्तुओं की खरीददारी हेतु सबसे श्रेष्ठ एवं शुभ फलदायी माना गया है। ऐसा माना जाता है कि पुष्य नक्षत्र के दिन किए गए हर शुभ कार्य का परिणाम कई गुना हो जाता है, इसी तरह इस दिन किया गया दान जन्म-जन्मान्तरों तक संचित हो जाता है।
मेष और वृश्चिक के लिए उपाय
मेष और वृश्चिक के लोग राशि स्वामी मंगल मंगल से संबंधित वस्तुएं खरीद कर उनका दान करें। स्वर्ण धातु अथवा तांबे से निर्मित वस्तुओं का क्रय विशेष लाभदायक रहेगा।
वृष और तुला के लिए उपाय
वृष और तुला राशि के लोग चांदी की वस्तु अवश्य खरीदे और पहने। मां दुर्गा की विशेष आराधना करें और कन्याओं को सफेद वस्तु या खीर दान करें। दुर्गा के मंत्र का जाप करें, गणेश जी का ध्यान करें।
मिथुन और कन्या के लिए उपाय
मिथुन और कन्या राशि के लोग इस दिन गणेश जी की विशेष पूजा करें, तांबा या पीतल अवश्य खरीदे और किसी अपाहिज या कुष्ठ रोगी को भोजन दें।
कर्क राशि के लिए उपाय
कर्क राशि के लिए यह दिन खास है चांदी का क्रय और जन्म कुंडली में चन्द्रमा के बलाबल के अनुरूप दान दोनों करें, चंद्र देव के मंत्रों का जाप करें, सफेद वस्तुओं का दान करें।
सिंह राशि के लिए उपाय
सिंह राशि के लोग सोने या पीतल की वस्तु खरीदे। गेहूं-ज्वार या वस्त्र का दान करें, सूर्य दर्शन एवं पूजन करें और किसी ब्राह्मण को भोजन कराएं। आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ विशेष फलदायी होगा।
धनु और मीन के लिए उपाय
धनु और मीन राशि के लोग पुष्य नक्षत्र में गुरु पूजन कर गुरु का आशीर्वाद अवश्य प्राप्त करें अथवा मंदिर अवश्य जाएं। अन्न या पीले फल का वहां दान करें, सोना या पीतल खरीदे, वस्त्र भी खरीद सकते है।
मकर और कुम्भ के लिए उपाय
मकर और कुम्भ राशि के लोग पुष्य नक्षत्र संयोग में तेल, काले तिल और उड़द का दान करें। सारे घर की या घर के किसी कोने की सफाई स्वयं करें, घी का दीपक जलाकर ही पूजा करें, महादेव की आराधना शुभ रहेगी।













