गुरुवार को हिंदुस्तान कॉपर के शेयर बीएसई पर 17.7% तक उछलकर 721 रुपये पर पहुंच गए। सुबह करीब 11:30 बजे यह करीब 15.62% के उछाल के साथ 731.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था। इस शेयर में यह उछाल पिछले हफ्ते से ही शुरू हो गया था। 22 जनवरी को शेयर 531.80 रुपये पर बंद हुए थे और उसके बाद से लगातार चढ़ाई जारी है। मंगलवार को 5% और बुधवार को 12.5% की तेजी आई, जिससे धातुओं के बाजार में हलचल बढ़ गई।
Gold Silver Price Today, 29 January 2026: चांदी 4 लाख के पार, सुबह-सुबह ₹17000 से ज्यादा महंगी हुई, जानें MCX पर आज का भाव
दुनिया भर में तांबे की तेजी
इस समय दुनिया भर में तांबे की कीमतों में काफी तेजी है। गुरुवार को एमसीएक्स पर जनवरी डिलीवरी वाले तांबे में 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। इस तेजी के साथ यह प्रति किलोग्राम 1350 रुपये के पार पहुंच गया। भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार को लेकर अनिश्चितता और डॉलर के कमजोर होने से तांबे की मांग बढ़ी है।
इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी कहते हैं कि तांबा अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि तांबे के फ्यूचर में 5% की तेजी आई और यह 6.2 डॉलर प्रति पाउंड से ऊपर चला गया। यह रिकॉर्ड इसलिए टूटा क्योंकि निवेशक रियल एसेट्स (जैसे सोना, चांदी, तांबा) की ओर भाग रहे हैं। भू-राजनीतिक और व्यापारिक अनिश्चितताओं और डॉलर में अचानक आई गिरावट ने निवेशकों को डरा दिया है।
इस कारण भी आ रही तेजी
उन्होंने यह भी कहा कि फंडामेंटल भी मजबूत हैं। तांबे को लगातार सप्लाई की कमी और मजबूत औद्योगिक मांग का भी सहारा मिल रहा है। खासकर, दुनिया भर में रिन्यूएबल एनर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल से इसकी मांग बढ़ी है। वहीं शंघाई, लंदन और न्यूयॉर्क में तांबे का स्टॉक हाल के हफ्तों में बढ़ा है, जिससे कुल स्टॉक 900,000 टन से ऊपर चला गया है।
नए तांबे के ब्लॉक से बढ़ी विकास की उम्मीद
कंपनी से जुड़ी खबरों ने भी इस तेजी को और हवा दी है। पिछले हफ्ते हिंदुस्तान कॉपर ने बताया कि वह मध्य प्रदेश में एक नए तांबे के ब्लॉक के लिए सबसे पसंदीदा बोलीदाता बनकर उभरा है। इससे भविष्य में उत्पादन बढ़ने की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं, खासकर ऐसे समय में जब दुनिया भर में तांबे की मांग बढ़ रही है।
डिस्क्लेमर: इस विश्लेषण में दिए गए सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, आज़ाद हिन्द के नहीं। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श कर लें। क्योंकि शेयर बाजार की परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं।













