न्यूजीलैंड के खिलाफ गुलबदीन का बल्ला चमका
चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम पर न्यूजीलैंड के खिलाफ अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। पावरप्ले में टीम ने दो विकेट खो दिए और सिर्फ 44 रन बनाए थे। गुलबदीन नैब तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। तीसरे विकेट के लिए नैब ने सेदिकल्लाह अटल के साथ 51 गेंद पर 79 रन जोड़े। अटल ने 24 गेंद पर 29 रन बनाए तो नैब ने इस साझेदारी में 27 गेंद पर 46 रनों का योगदान दिया।
नैब के करियर की सबसे बड़ी पारी
गुलबदीन नैब ने 35 गेंदों पर 63 रनों की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 3 चौके और 4 छक्के मारे। जब वह आउट हुए तो अफगानिस्तान का स्कोर 150 रनों के पार हो चुका था। 34 साल के ऑलराउंडर नैब की यह इंटरनेशनल टी20 में चौथी फिफ्टी है। इसके साथ ही उनकी सबसे बड़ी पारी भी है। 2024 में इंदौर में उन्होंने भारत के खिलाफ 57 रन बनाए थे।
अफगानिस्तान ने पहले केलते हुए 6 विकेट पर 182 रन बनाए। अंतिम ओवर्स में अजमतुल्लाह ओमरजई ने 7 गेंद पर 14 और मोहम्मद नबी ने 7 गेंद पर 10 रन बनाकर टीम को 182 रनों तक पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड की तरफ लॉकी फर्ग्यूसन ने 2 विकेट लिए।













