राहुल ने 130 रनों की पारी खेली
केएल राहुल ने 182 गेंद पर 14 चौकों और 1 छक्के की मदद से 130 रन की पारी खेली। राहुल चौथे विकेट के रूप में आउट हुए, जब टीम को जीत के लिए सिर्फ 59 रन की जरूरत थी। राहुल का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह 23वां शतक है। उनके अलावा एस. रविचंद्रन ने 123 गेंद पर नाबाद 83 और विद्याधर पाटिल ने 30 गेंद पर नाबाद 31 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। कप्तान देवदत्त पड्डिकल ने भी 39 रन बनाए।
पहली पारी में गेंदबाजों का दबदबा रहा
मैच पर नजर डालें तो मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। यह फैसला गलत साबित हुआ था। अखिल हरवाडेकर (60 रन) को छोड़कर मुंबई के सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे थे। टीम की पहली पारी 120 रन पर सिमट गई थी। कर्नाटक के लिए विद्वत कविरप्पा, प्रसिद्ध कृष्णा और श्रेयस गोपाल ने 3-3, जबकि विद्याधर पाटिल ने 1 विकेट लिया था।
कर्नाटक की पहली पारी मयंक अग्रवाल के 92 रन के बावजूद 173 पर सिमट गई थी। पहली पारी के आधार पर कर्नाटक को 53 रन की अहम बढ़त मिली थी। मुंबई के लिए मोहित अवस्थी और तुषार देशपांडे ने 4-4, जबकि शार्दुल ठाकुर और सूर्यांश शेड्गे ने 1-1 विकेट लिए थे। मुंबई ने दूसरी पारी में 377 रन बनाए थे। 53 रन की बढ़त की वजह से कर्नाटक को जीत के लिए 325 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।













