एमटीवी के चैनल्स इन देशों में हो रहे बंद
MTV 44 साल पहले लॉन्च किया गया था और तभी से इसके कई चैनल्स दुनियाभर में लोगों का मनोरंजन करते आ रहे थे, पर अब इसके कुछ चैनल्स कुछ देशों में बिल्कुल नजर नहीं आएंगे। वो बंद किए जा रहे हैं। इनमें आयरलैंड, यूके, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रिया, पोलैंड, हंगरी, ऑस्ट्रेलिया और ब्राजील जैसे देशों का नाम शामिल है।
MTV के ये चैनल्स किए जा रहे बंद
MTV के जिन चैनल्स को इन देशों में बंद किया गया है, वो हैं- एमटीवी म्यूजिक, एमटीवी 80s, एमटीवी 90s, क्लब एमटीवी और एमटीवी लाइव। इस शटडाउन ने लोगों को भावुक कर दिया है और वो दुखी हैं।
MTV के शटडाउन होने से दुखी यूजर्स, किए ऐसे कमेंट्स
MTV के शटडाउन पर रिएक्ट करते हुए एक यूजर ने X पर लिखा, ‘एक युग का अंत। एमटीवी 44 साल के बाद विदाई ले रहा है।’ एक ने लिखा, ‘यूट्यूब ने एमटीवी को खत्म कर दिया, और साथ ही सभी म्यूजिक स्ट्रीमिंग सेवाओं को भी। अब आपको वीडियो आने का इंतजार नहीं करना पड़ता, बस यूट्यूब पर जाएं। पुरानी यादें ताजा हो गईं।’ एक का कमेंट है, ‘एमटीवी को श्रद्धांजलि। एक युग का अंत। घर आकर उन म्यूजिक वीडियोज को देखने की यादें हमेशा मेरे दिल में रहेंगी।’
आनंद महिंद्रा का भी दिल दुखी, लिखा यह पोस्ट
वहीं, महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने एमटीवी के बंद होने की खबर पर X पर रिएक्ट करते हुए लिखा, ‘एमटीवी का अंत मेरे जैसे बेबी बूमर्स के लिए बहुत दुखद है। 1981 में जब यह शुरू हुआ, तो इसने हमारे म्यूजिक सुनने और देखने के तरीके को बदल दिया। इसने म्यूजिक के प्रति टेस्ट, पहचान और कूल होने की भावना को आकार दिया। मुझे लगता है कि इसके लिए स्टिंग के इस आखिरी गीत की गूंज सुनाई देनी चाहिए- मुझे मेरा एमटीवी चाहिए।’
MTV और उसके चैनल्स का जलवा, कई स्टार्स को किया लॉन्च
मालूम हो कि 90 के दशक में एमटीवी के चैनल्स खूब पॉपुलर थे। पंजाबी से लेकर हिंदी तक सभी गाने लोग बड़े चाव से सुनते और देखते थे। एमटीवी का पूरा नाम म्यूजिक टेलीविजन है। इसे साल 1981 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च किया गया था और यह 1996 में भारत में आया। आते ही यह युवाओं के पॉप कल्चर का एक अहम हिस्सा बन गया। शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय और भारतीय म्यूजिक वीडियो प्रसारित करने के लिए मशहूर एमटीवी इंडिया ने बाद में ‘रोडीज’, ‘स्प्लिट्सविला’, ‘कैसी ये यारियां’, ‘फना’ और ‘एमटीवी लव स्कूल’ जैसे प्रोग्राम लॉन्च किए, जो युवाओं के बीच पॉपुलर रहे। इसने आयुष्मान खुराना, रणविजय सिंह, निखिल चिनप्पा, प्रिंस नरूला, नेहा धूपिया और दिव्यांका त्रिपाठी जैसे कई पॉपुलर चेहरों को लॉन्च करने में अहम भूमिका निभाई।













