समारोह के पहले दिन सलमान खान और रणबीर कपूर के साथ-साथ फिल्ममेकर मोहित सूरी, सुभाष घई और गीतकार प्रसून जोशी समेत तमाम लोग शामिल हुए। दूसरे दिन अक्षय कुमार, विक्की कौशल, फिल्म मेकर करण जौहर और अनन्या पांडे नजर आईं। पहले दिन संघ प्रमुख मोहन भागवत ने सांस्कृतिक एकता को लेकर बातें की और कहा कि भारत में रहने वाले सभी लोग एक साझा संस्कृति से जुड़े हैं। वहीं दूसरे दिन उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति और भारत में अवैध घुसपैठ जैसे मुद्दों पर काफी खुलकर बातें कीं।
मोहन भागवत ने सलमान खान के बारे में बातें कीं
RSS का ये दो दिवसीय यह कार्यक्रम 7 फरवरी को शुरू होकर 8 फरवरी, 2026 को मुंबई के नेहरू सेंटर ऑडिटोरियम में खत्म हुआ। मोहन भागवत ने सलमान खान के बारे में बातें कीं जिसके बाद एक्टर स्माइल करते हुए कैमरे में कैद हो गए।
कहा- कॉलेज में स्टूडेंट्स सलमान खान को अपनी प्रेरणा के तौर पर देखते हैं
उन्होंने कहा कि कॉलेज में स्टूडेंट्स सलमान खान को अपनी प्रेरणा के तौर पर देखते हैं।, ‘कॉलेज स्टूडेट्ंस सलमान खान के फैशन को कॉपी करते हैं। जब उनसे पूछा जाता है कि क्यों, तो ये बच्चे कहते हैं कि उन्हें नहीं पता। सलमान ऐसा कर रहे हैं। इसका मतलब है कि समाज में अच्छे मूल्य फैशन बनने चाहिए।’
अदनान सामी ने कहा- उन्हें बोलते हुए सुनना बहुत अच्छा लगा
पाकिस्तान की नागरिकता छोड़कर भारत की नागरिकता लेने वाले सिंगर अदनान सामी ने मोहन भागवत के साथ अपनी मुलाकात की कुछ तस्वीरें शेयर सोशल मीडिया पर शेयर कीं। उनकी इन तस्वीरों में शिल्पा शेट्टी, रूपाली गांगुली और रमेश तौरानी भी साथ दिख रहे हैं। अपनी पोस्ट में सिंगर ने लिखा, ‘RSS के लेजेंडरी सरसंघचालक मोहन भागवत के साथ एक शानदार दोपहर बिताई। उन्हें बोलते हुए सुनना बहुत अच्छा लगा और उन्होंने बहुत सारी गलतफहमियों और मिथकों को बहुत अच्छे से समझाया और दूर किया। एक अविश्वसनीय सज्जन और खूबसूरत इंसान…।’
प्रीतम चक्रवर्ती बोले- मोहन भागवत ने हर चीज को अच्छे से समझाया
समारोह में पहुंचे बॉलीवुड कंपोजर और गायक प्रीतम चक्रवर्ती ने कहा, ‘आज के कार्यक्रम में कई विषयों को शामिल किया गया और उन्हें सुनना बहुत ज्ञानवर्धक रहा। ऐसी कई बातें थीं, जो मुझे पहले नहीं पता थीं। मैं संगठन को हमारे आसपास हो रही इतनी सारी घटनाओं को उजागर करने के लिए बधाई देना चाहता हूं। मोहन भागवत ने हर चीज को अच्छे से समझाया और हर सवाल का जवाब भी बेहतरीन तरीके से दिया।’
करण जौहर बोले- उनका सेंस ऑफ ह्यूमर कमाल है
करण जौहर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘आज आरएसएस 100वीं सालगिरह में शामिल होकर मुझे बहुत मजा आया। मोहन भागवत के विचार और आदर्श सुनना प्रेरणादायक था। बॉलीवुड हस्तियों को इतना समय देने के लिए हम उन्हें तहे दिल से धन्यवाद देते हैं। इस कार्यक्रम के आयोजन में शामिल सभी लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद।’ उन्होंने कहा, ‘मोहन भागवत के विचारों से काफी कुछ सीखने को मिलता है, लेकिन साथ ही उनका सेंस ऑफ ह्यूमर कमाल है। हमने जितनी देर भी उनसे बात की, उस दौरान हम खूब हंसे भी।’
शिल्पा शेट्टी बोलीं- मैं मोहन भागवत की बहुत बड़ी फैन हूं
कार्यक्रम में बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी भी पहुंची, जहां मीडिया से बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा, ‘सबसे पहले, इस शताब्दी वर्ष पर हार्दिक बधाई। मैं मोहन भागवत की बहुत बड़ी फैन हूं। मैं राष्ट्र के लिए काम करने के उनके संकल्प और समर्पण की बहुत प्रशंसा करती हूं और मैं वास्तव में उनकी बहुत बड़ी फैन हूं क्योंकि उनके विचार मुझे प्रेरित करते हैं। मैं देश की सेवा के कार्य को और ज्यादा मन लगाकर कर पाऊंगी। मेरा मानना है कि सभी को उनके जैसे विचार रखने चाहिए।’
रवि दूबे बोले- समाज में अपना योगदान देने की कोशिश करूंगा
आरएसएस शताब्दी समारोह में एक्टर रवि दुबे को भी देखा गया। उन्होंने कहा, ‘आरएसएस को 100 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक बधाई। इन 100 वर्षों में संगठन ने राष्ट्र निर्माण और भारत को ग्लोबल लीडर के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मोहन भागवत की विचारधारा हर किसी को प्रेरित करती है और मैं भी अपने सामर्थ्य के अनुसार समाज में अपना योगदान देने की कोशिश करूंगा।’
विक्की कौशल ने कहा- पहली बार है, जब मैंने उन्हें आमने-सामने देखा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इस इवेंट में शामिल हुए वहीं विक्की कौशल ने कहा कि संघ प्रमुख मोहन भागवत की बातें बहुत व्यावहारिक और ज्ञानवर्धक रहीं। विक्की कौशल को पिछले साल आई फिल्म ‘छावा’ में बेहतरीन अदाकारी के लिए खूब तारीफें मिली थीं और यह सिलसिला आज भी जारी है। एक्टर ने आईएएनएस को लेकर कहा, ‘सबसे पहले, मैं RSS को उसकी 100वीं वर्षगांठ पूरी करने पर बधाई देना चाहता हूं। आज मुझे मोहन भागवत की बातें सुनने का मौका मिला। यह पहली बार है, जब मैंने उन्हें आमने-सामने देखा और उनकी बातें सुनी। मैं बहुत प्रभावित हुआ हूं। उनकी बातें बहुत व्यावहारिक और ज्ञानवर्धक रहीं।’ उन्होंने कहा, ‘चर्चा करने के लिए बहुत सारे विषय थे। सभी से मिलकर बहुत अच्छा लगा। मैं आरएसएस को आगे के सफर के लिए बधाई देना चाहता हूं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।’
प्रीतम चक्रवर्ती ने कहा- ऐसी कई बातें थीं, जो मुझे पहले नहीं पता थीं
समारोह में पहुंचे बॉलीवुड कंपोजर और गायक प्रीतम चक्रवर्ती ने कहा, ‘आज के कार्यक्रम में कई विषयों को शामिल किया गया और उन्हें सुनना बहुत ज्ञानवर्धक रहा। ऐसी कई बातें थीं, जो मुझे पहले नहीं पता थीं। मैं संगठन को हमारे आसपास हो रही इतनी सारी घटनाओं को उजागर करने के लिए बधाई देना चाहता हूं। मोहन भागवत ने हर चीज को अच्छे से समझाया और हर सवाल का जवाब भी बेहतरीन तरीके से दिया।’
रवीना टंडन, शिल्पा शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रूपाली गांगुली समेत कई सितारे
इस कार्यक्रम में रवीना टंडन, शिल्पा शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रूपाली गांगुली और विनीत कुमार सिंह समेत कई अन्य हस्तियां भी उपस्थित थीं। फिल्म निर्माता नितेश तिवारी, मधुर भंडारकर, महेश मांजरेकर, आनंद, एल राय, अमर कौशिक, अमित शर्मा, रमेश तौरानी और आनंद पंडित भी मौजूद थे। कार्यक्रम की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं, जिनमें सितारे दर्शकों के बीच बैठे नजर आ रहे हैं।













