सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान मैच पर क्या कहा?
आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के मैदान पर होने वाली भिड़ंत को लेकर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच सूर्यकुमार यादव ने अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। पाकिस्तान के खिलाफ खेलने पर सूर्या ने कहा कि हम मैच खेलने के लिए तैयार हैं और हमारी फ्लाइट बुक हो चुकी है।
सूर्या ने कहा, ‘हमारा नजरिया एकदम स्पष्ट है। हमने उनके साथ खेलने से मना नहीं किया है, उन्होंने ही मना किया है। हमारी उड़ानें बुक हो चुकी हैं और हम कोलंबो जा रहे हैं। हमारा शेड्यूल तैयार है। पहले अमेरिका, फिर कनाडा और उसके बाद हम कोलंबो के लिए रवाना होंगे।’
नियमों के हिसाब से आगे बढ़ेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम का शेड्यूल और रणनीति पूरी तरह से तय है। सूर्यकुमार यादव के मुताबिक, टीम इंडिया आईसीसी के नियमों का पालन करते हुए अपनी योजना के अनुसार ही आगे बढ़ेगी। भारत को अपना पहला मैच 7 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ खेलना है, जिसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया से मुकाबला होगा। इसके बाद टीम कोलंबो के लिए रवाना होगी जहां 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ हाईवोल्टेज मुकाबला है। सूर्या ने साफ किया कि भारत की फ्लाइट्स बुक हैं और वे कोलंबो जाकर मैच के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे चाहे वहां पाकिस्तान की टीम आए या नहीं।














