‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के आने वाले एपिसोड के प्रोमो की शुरुआत होती है, तो कपिल शर्मा पहले शाहिद को निशाने पर लेते हैं। वह पूछते हैं, ‘भाई आज वैलेंटाइन है। शादी के बाद भी क्या कोई ऐसे DM आते हैं आपको?’ यह सुनकर शाहिद बोले, ‘यार अभी पीछे हम लोग अपने बच्चों की उम्र के बारे में डिस्कस कर रहे थे।’
शाहिद कपूर ने की कपिल शर्मा की बोलती बंद
इस पर कपिल बोले, ‘बच्चों को क्या पता चलता है, छोटे-छोटे हैं वो तो।’ इस पर शाहिद ने ऐसा जवाब दिया कि कपिल की तो बोलती बंद हो गई, पर बाकी सबकी हंसी छूट गई। शाहिद ने कहा, ‘बच्चों की मम्मी जो हैं, उनको काफी पता चल जाता है।’ कपिल शर्मा ने फिर तृप्ति डिमरी से पूछा कि क्या उन्होंने कभी कॉलेज टाइम में लव लेटर लिखा? तो तृप्ति बोलीं, ‘लिखा कभी नहीं है, पर पढ़े बहुत सारे हैं।
शाहिद की निजी जिंदगी, इनके संग जुड़ा नाम
शाहिद कपूर की निजी जिंदगी की बात करें, तो उन्होंने मीरा राजपूत के साथ शादी की है और दो बच्चे हैं। हालांकि, शादी से पहले उनका करीना कपूर के साथ कई साल रिलेशनशिप रहा था। उनका नाम प्रियंका चोपड़ा और विद्या बालन के साथ भी जुड़ा था।
फरीदा जलाल ने सुनाया गाली देने वाला किस्सा
फिर फरीदा जलाल ने ‘ओ रोमियो’ में गाली देने के बारे में बात की। उन्होंने एक किस्सा सुनाया कि विशाल भारद्वाज उनके घर आए थे और उनसे पूछा कि फरीदा जी आप गाली देंगी। बोले कि बहुत बड़-बड़ी नहीं। तो मैंने कहा कि हां, तो फिर मैं दूंगी।’ यह सुनकर अर्चना का मुंह खुला का खुला रह गया और जोर से हंसीं।
देखिए ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में शाहिद और ‘ओ रोमियो’ टीम की मस्ती:
सुनील ग्रोवर ने लूट ली महफिल, अर्नब गोस्वामी बन छाए
वहीं, एपिसोड में सुनील ग्रोवर ने एक बार फिर महफिल लूट ली। उन्होंने रिंकू देवी बनकर एंट्री ली और फिर बाद में अर्नब गोस्वामी के रोल में छा गए। फैंस को भी यह प्रोमो काफी पसंद आया है और वो एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मालूम हो कि शाहिद जहां कपिल शर्मा के शो में कई बार आ चुके हैं, वहीं फरीदा जलाल, विशाल भारद्वाज और अविनाश तिवारी पहली बार आए।
‘ओ रोमियो’ की कास्ट और कहानी
‘ओ रोमियो’ की बात करें, तो 13 फरवरी को रिलीज होगी। फिल्म में अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल, नाना पाटेकर, रणदीप हुड्डा, तमन्ना और दिशा पाटनी भी हैं। फिल्म की कहानी आजादी के बाद मुंबई के कायापलट के बीच, उभरते अंडरवर्ल्ड पर आधारित है। फिल्म की कहानी हुसैन उस्तरा और सपना दीदी की जिंदगी से प्रेरित बताई जाती है।













