‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो 4’ के इस एपिसोड को शनिवार, 21 फरवरी को टेलिकास्ट किया गया था। एपिसोड में कई सारी मजेदार चीजें देखने को मिलीं और किस्से भी सुनने को मिली। कपिल के साथ-साथ कृष्णा श्रॉफ और सुनील ग्रोवर ने जैकी श्रॉफ-माधुरी संग खूब मस्ती-मजाक किया।
जैकी श्रॉफ ने सुनाया माधुरी दीक्षित संग पहली मुलाकात का किस्सा
जैकी श्रॉफ ने बताया कि उनकी माधुरी संग पहली मुलाकात कैसी रही थी, और कैसे एक्ट्रेस के बारे में पता चला था। वह बोले, ‘मैंने उनके (माधुरी दीक्षित) बारे में पहली बार सरोज खान से सुना था। उन्होंने सुभाष घई को बताया था कि माधुरी एक खूबसूरत हीरोइन और बेहतरीन डांसर हैं, जो इंडस्ट्री में आई हैं, और उन्हें उन्हें कास्ट करना चाहिए। और मैं आज भी उनसे बहुत प्रभावित हूं।’
रिहर्सल छोड़ इसलिए माधुरी का डांस देखने लगे थे जैकी श्रॉफ
जब कपिल शर्मा ने जैकी श्रॉफ से पूछा कि उन्होंने अपनी रिहर्सल छोड़कर माधुरी का डांस क्यों देखा, तो वह बोले, ‘कभी-कभी आपको खुद को भूल जाना पड़ता है। माधुरी ने मेरे साथ हर तरह के किरदार निभाए हैं, और मुझे खुशी होती है। उन्होंने मेरी पत्नी, मेरी प्रेमिका और ‘संगीत’ में मेरी सास का भी रोल प्ले किया है।’
देखिए ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो 4’ में माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ:
जैकी ने बताया, माधुरी संग ऑनस्क्रीन रोमांस में आती है शर्म
कपिल शर्मा ने फिर माधुरी दीक्षित से पूछा कि क्या किसी एक्टर को उनके साथ पर्दे पर रोमांस करते समय कभी घबराहट महसूस हुई है। तो जैकी श्रॉफ ने तुरंत स्वीकार किया कि उन्हें माधुरी संग रोमांस में घबराहट महसूस होती थी। वह बोले, ‘माधुरी के साथ रोमांटिक सीन करते समय मुझे शर्म आती थी। मुझे इसकी आदत नहीं थी। फिल्म असल जिंदगी पर आधारित होती है, कुछ भावनाएं निजी होती हैं। वो दिल में बसती हैं। आप उन्हें पर्दे पर कैसे दिखा सकते हैं? जब वह बोलती हैं, तो उनकी आंखों में देखकर बात करना या गाना बहुत मुश्किल होता है। वह बहुत प्यारी और भावपूर्ण हैं। वह अपने किरदार में पूरी तरह डूब जाती हैं। जब कोई रोमांटिक फिल्म होती है, तो वह रोमांस कर रही होती हैं।’
माधुरी और जैकी श्रॉफ की इन फिल्मों में जमी जोड़ी
माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ ने अपने करियर में ‘राम लखन’, ‘खलनायक’, ‘100 डेज’ और ‘परिंदा’ में साथ काम किया था। दोनों की जोड़ी खूब हिट थी और फिल्मी पर्दे पर रोमांटिक केमिस्ट्री काफी पसंद की गई। बाद में माधुरी और जैकी श्रॉफ ‘देवदास’ और ‘टोटल धमाल’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आए।
ये हैं माधुरी और जैकी श्रॉफ की फिल्में:
- राम लखन
- खलनायक
- 100 डेज
- परिंदा
- देवदास
- टोटल धमाल
माधुरी दीक्षित की शादी से टूट गया था जैकी श्रॉफ का दिल, यह बोले थे
80 और 90 के दशक में माधुरी-जैकी की जोड़ी का खूब जलवा था और उनके अफेयर के भी चर्चे रहे थे। जैकी श्रॉफ ने एक बार बताया था कि जब माधुरी ने डॉ. श्रीराम नेने से शादी की थी, तो उनका दिल बुरी तरह टूट गया था। जैकी श्रॉफ ने ‘कॉफी विद करण 5′ में इसका खुलासा किया था। रैपिड फायर राउंड में जब करण ने जैकी से उस महिला के बारे में पूछा, जिसकी शादी से करोड़ों लोगों के दिल टूटे, तो एक्टर ने कहा था- बेशक मैडी, माधुरी दीक्षित।’ जैकी ने कहा था कि इसमें कोई शक नहीं कि माधुरी की शादी से उनका दिल टूटा था।













