रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ और यश की ‘टॉक्सिक’ 19 मार्च को रिलीज होगी। दोनों पैन इंडिया फिल्म है, जिससे मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर तगड़ा होगा। लेकिन उसके पहले खबर आई है कि KVN प्रोडक्शन में बनी ‘टॉक्सिक’ ने तेलुगू राज्यों (तेलंगाना और आंध्र प्रदेश) में PVRINOX पिक्चर्स को अपना पार्टनर बना लिया है, जो कि देश की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन है। यानी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में जो फिल्में PVRINOX में दिखाई जाएंगी, उसमें तो Toxic ही चलेगी, जिससे ‘धुरंधर 2’ को तगड़ा घाटा होगा।
‘धुरंधर’ को आंध्र और निजाम सर्किट से फायदा
अब आप सोचेंगे कि तो क्या हुआ, बाकी जगहों पर तो लोग देखेंगे ही। लेकिन नहीं। इससे फिल्म को नुकसान होने की उम्मीद है। कमाई पर बड़ा असर देखने को मिलेगा। आंध्र और निजाम मास सर्किट है, जहां बड़ी संख्या में हिंदी भाषी भी रहे हैं। यहां बॉलीवुड की फिल्में वैसे ही बहुत चलती हैं। ‘धुरंधर’ जो सिर्फ हिंदी में रिलीज हुई, उसने पहले तीन हफ्तों में ही आंध्र और निजाम सर्किट से 50 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली थी। अगर अब पार्ट-2 पैन इंडिया रिलीज हो रही है तो उस मूवी को तेलुगू राज्यों में नुकसान होगा लेकिन यश को बंपर फायदा मिलेगा।
‘टॉक्सिक’ की PVRINOX से डील
बताया जा रहा है कि ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स ने डील के लिए कमीशन के तौर पर अभी एडवांस में 40 करोड़ रुपये दिए हैं। जिसमें PVRINOX पिक्चर्स, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लोकल डिस्ट्रीब्यूटर्स को ज्यादा छोटे इलाके और बाकी के कुछ सेलेक्टेड क्षेत्रों को अपने पास रखने की प्लानिंग कर रही है। अब इससे न सिर्फ तेलुगू राज्यों में, बल्कि उसके बाहर भी फिल्म को फायदा मिलेगा। हालांकि कुछ कहा नहीं जा सकता क्योंकि इसी मल्टीप्लेक्स के जरिए ‘धुरंधर’ ने अब तक की सबसे ज्यादा कमाई की है और ऐसा नहीं है कि ये चैनल आसानी से सीक्वल का हाथ न थामे।
‘टॉक्सिक’ की डील से ‘धुरंधर 2’ को क्या नुकसान?
‘टॉक्सिक’ की PVRINOX से डील होने से रणवीर सिंह की मूवी को नुकसान ये होगा कि उसके शोज की संख्या में कमी हो जाएगी! जिस मल्टीप्लेक्स से पहले पार्ट ने धुंआधार कमाई की थी। वहीं पर उसके शोज, यश की फिल्म के साथ शेयर होंगे। यानी अगर एक दिन में चार स्क्रीन्स पर चार शोज दिखाने हैं तो उसके प्राइम टाइम पर, मतलब दोपहर और शाम के बाद के वक्त ‘टॉक्सिक’ को प्रायोरिटी मिल सकती है। जिससे स्क्रीन्स तो उसे दिए जाएंगे लेकिन शोज की संख्या में कमी के कारण उसकी कमाई पर गहरा असर होगा।
‘धुरंधर’ के हर हफ्ते का कलेक्शन
पहला हफ्ता- 207.25 करोड़ रुपये
दूसरा हफ्ता- 253.25 करोड़ रुपये
तीसरा हफ्ता- 172 करोड़ रुपये
चौथा हफ्ता- 106.5 करोड़ रुपये
पांचवा हफ्ता- 51.25 करोड़ रुपये
छठा हफ्ता- 26.35 करोड़ रुपये
सातवां हफ्ता- 13.9 करोड़ रुपये
आठवां हफ्ता- 5.35 करोड़ रुपये
नवां हफ्ता- 1.75 करोड़ रुपये रुपये
कुल कलेक्शन- 837.6 करोड़
वर्ल्डवाइड कलेक्शन- 1303.75 करोड़
‘धुरंधर’ का बजट और कलेक्शन
‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को थिएटर में आई थी और इसने ओपनिंग डे पर ही 28 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद इसने 30 दिनों तक एक भाषा में डबल डिजिट में कमाई की थी और ऐसा करने वाली ये इकलौती भारतीय फिल्म है। करीब 280 करोड़ के बजट में बनी इस मूवी ने 1000 करोड़ से ज्यादा भारत में ग्रॉस कलेक्शन किया है और वर्ल्डवाइड करीब 1304 करोड़ रुपये कमाए हैं। 9वें हफ्ते में इसकी कमाई 1.75 करोड़ रुपये दर्ज की गई है। और OTT पर आने के बावजूद ये थिएटर्स में लाखों का बिजनेस कर रही है।














