ढाई घंटे देरी से शुरू हुआ मैच, धुआंधार पारी की थी उम्मीद
जयपुर में जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड पर घने कोहरे के कारण मुंबई-हिमाचल प्रदेश का मुकाबला करीब ढाई घंटे की देरी से शुरू हुआ है। इस मुकाबले में मुंबई को यशस्वी जायसवाल से धुआंधार शुरुआत की उम्मीद थी। यशस्वी ने दो चौके लगाकर रंग दिखाने की कोशिश की, लेकिन वे गेंदबाजों को पढ़ने में असफल हो रहे थे। नतीजतन उन्हें 5वें ओवर में वैभव जी. अरोड़ा ने चौंकाते हुए इनेश महाजन के हाथों कैच आउट करते हुए पवेलियन लौटा दिया। यशस्वी 18 गेंद की पारी में 2 चौकों के साथ 15 रन ही अपने खाते में जोड़ पाए हैं।
पहले मैच में खेली थी 46 रन की पारी
यशस्वी जायसवाल विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन में रोहित शर्मा के बाद जुड़े थे। रोहित ने सीजन के पहले दोनों मैच खेले थे। इसके बाद वे टूर्नामेंट से हट गए थे। इसके बाद यशस्वी जायसवाल टीम में लौटे थे। पहले मैच में उन्होंने 46 रन की पारी खेली थी, लेकिन उसमें भी वे पूरी तरह रंग में नहीं दिखे थे। यशस्वी ने यह पारी बेहद धीमी गति से खेली थी। अगले मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे महज 3 रन ही बना सके थे। आज वे 15 रन बनाकर आउट हो गए हैं। इस तरह 3 पारी में वे कुल 64 रन ही बना पाए हैं। यह बात न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले टीम इंडिया मैनेजमेंट को चिंतित कर सकती है।
बीमारी के बाद लौटे हैं मैदान पर
यशस्वी जायसवाल साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में खेले थे। उस टूर्नामेंट में उन्होंने जोरदार शतक भी जमाया था। इससे उनके पूरी तरह फॉर्म में होने के संकेत मिले थे, लेकिन शतक लगाने के बाद वे आंतों की बीमारी के कारण तबीयत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती हो गए थे। कई दिन तक अस्पताल में रहने के बाद उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम में वापसी की है, लेकिन उनकी धीमी पारियां और छोटे स्कोर बता रहे हैं कि वे पूरी तरह फिट नहीं हैं।














