कांग्रेस सांसद ने लगाया आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता करके नरेन्द्र मोदी सरकार ने पूरी तरह समर्पण कर दिया है और ‘‘उसे शर्म आनी चाहिए कि उसने भारत माता को बेच दिया है। सीतारमण ने बजट पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि 2013 में (इंडोनेशिया के) बाली में आयोजित विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में जाकर कांग्रेस समझौता करके आई थी।
वित्त मंत्री सीतारमण ने किया दावा
उन्होंने दावा किया, ‘‘इस समझौते के कारण 2017 से भारत में किसान से कोई खरीद नहीं हो सकती थी। हम राशन की दुकान से गरीबों को कुछ नहीं दे सकते थे। इस दौरान कांग्रेस के सदस्य हंगामा करने लगे और अपने स्थान पर खड़े होकर वित्त मंत्री की बातों पर विरोध दर्ज कराने लगे।
नेता प्रतिपक्ष को नहीं है ये अधिकार
विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के बीच ही सीतारमण ने कहा कि इस समझौते के कारण देश में 2017 से पीडीएस (जन वितरण प्रणाली) की सामग्री का वितरण नहीं हो सकता था।उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब को, किसान को, बेचने वाले ये लोग थे। डब्ल्यूटीओ में ‘सरेंडर’ करके ये लोग आये। नेता प्रतिपक्ष को (नरेन्द्र मोदी) सरकार पर आरोप लगाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
हमेशा भारत के हित में बोलेंगे पीएम
वित्त मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि 2017 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस समझौते के प्रावधान बदले थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा भारत के हित में बोलेंगे। वित्त मंत्री ने आगे कहा कि राहुल ने बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल को अपना दोस्त बताया, जबकि उनकी पार्टी (कांग्रेस) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए रवनीत बिट्टू को ‘‘गद्दार’’ कहा।
राहुल गांधी ने नहीं पढ़े बजट के प्रावधान
सीतारमण ने सवाल किया कि आसन पर बैठे व्यक्ति यदि दोस्त हैं तो हमारे बिट्टू गद्दार कैसे हो गए। वित्त मंत्री ने कहा कि डेटा को लेकर राहुल के आरोप गलत हैं और नेता प्रतिपक्ष ने बजट के प्रावधान नहीं पढ़े हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया एआई मिशन के तहत एक हजार करोड़ रुपये का बजट इस विषय के लिए आवंटित किया गया है जिससे डेटा सुरक्षित होगा।
कांग्रेस को रखनी चाहिए सुनने की क्षमता
उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि बजट को पढ़ा नहीं है, आ गए हमारे लीडर ऑफ अपोजिशन (नेता प्रतिपक्ष) बात करने के लिए।सरकार डेटा केंद्रों को प्रोत्साहन दे रही है ताकि डेटा भारत में ही रहे। साथ ही, उन्होंने राहुल के इस दावे की कड़ी आलोचना की कि भारतीय डेटा देश से बाहर चला जाएगा। उन्होंने विपक्षी दल पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस के लोगों को सुनने की क्षमता रखनी चाहिए।
शिवसेना (उबाठा) पर साधा निशाना
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में देरी को लेकर कांग्रेस और विपक्ष के कुछ सदस्यों की टोकाटोकी पर सीतारमण ने कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना (उबाठा) नीत तत्कालीन सरकार समय पर जमीन आवंटित कर देती तो भारत में बुलेट ट्रेन चल रही होती।














