श्रीलंका के नाम है टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप के पहले सीजन यानी 2007 में ही श्रीलंका ने 6 विकेट के नुकसान पर केन्या के खिलाफ 260 रन बनाए थे। यह टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है।
टी20 विश्व कप में 5 सबसे बड़े स्कोर
- 260/6, श्रीलंका बनाम केन्या, जोहान्सबर्ग 2007
- 235/5, आयरलैंड बनाम ओमान , कोलंबो एसएससी 2026
- 230/8, इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, वानखेड़े 2016
- 229/4, दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े 2016
- 225/5, श्रीलंका बनाम ओमान, पल्लेकेले 2026
कुछ ऐसी रही आयरलैंड की पारी
ओमान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 25 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों, टिम टेक्टर और रॉस अडेयर, का विकेट खो दिया था। 45 पर तीसरा विकेट हैरी टेक्टर का और 64 पर चौथा विकेट कर्टिस कैंफर का गिरा। इस समय आयरलैंड मुश्किल में लग रही थी।
इसके बाद पांचवें विकेट के लिए कप्तान लॉर्कन टकर और गारेथ डेलानी ने 56 गेंदों पर 101 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी और स्कोर 165 तक पहुंचा दिया। डेलानी 30 गेंद पर 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।
डेलानी के आउट होने के बाद लॉर्कन टकर ने छठे विकेट के लिए जॉर्ज डॉकरेल के साथ छठे विकेट के लिए 19 गेंदों पर 50 रन की साझेदारी की। डॉकरेल 9 गेंदों पर 5 छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर नाबाद रहे। टकर को आखिरी ओवर में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिल सका। इस वजह से वह शतक पूरा करने का मौका चूक गए। टकर 51 गेंदों पर 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 94 रन बनाकर नाबाद रहे।













