एयरलाइन ने बताया कि मस्कट से दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड, मंगलुरु, मुंबई और तिरुचिरापल्ली के लिए निर्धारित उड़ानें संचालित की जाएंगी। एयरलाइन के प्रवक्ता के अनुसार, मस्कट से पहली उड़ान तिरुचिरापल्ली के लिए स्थानीय समयानुसार सुबह 10:25 बजे रवाना होगी। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान की ताजा स्थिति जानने के लिए एयरलाइंस की ऑफिशियल वेबसाइट airindiaexpress.com पर जाएं और वहां चेक करें।
तेल, सोना-चांदी और डॉलर उछले, लेकिन शेयर मार्केट क्रैश, मिडिल ईस्ट में तनाव से महंगाई बढ़ने का खतरा
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
- एयरलाइंस ने यात्रियों से कहा है कि वे फ्लाइट में बदलाव या कैंसिल कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में शुल्क माफी के लिए एयरलाइन की वेबसाइट पर मैनेज बुकिंग सेक्शन के जरिए अपनी बुकिंग मैनेज कर सकते हैं।
- यात्री एयरलाइन की 24×7 एआई-संचालित डिजिटल असिस्टेंट ‘टिया’ से वेबसाइट या व्हाट्सऐप नंबर +91-6360012345 पर संपर्क कर सकते हैं।
कई देशों के लिए फ्लाइट अभी भी कैंसिल
एयरलाइन ने यह भी बताया है कि कई खाड़ी देशों के लिए उड़ानें अभी भी रद्द हैं। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और यूएई के लिए उड़ानें 3 मार्च 2026 को रात 11:59 बजे (भारतीय समयानुसार) तक रद्द रहेंगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इन व्यवधानों से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है।
फंसे यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम
- मंत्रालय ने बताया कि विदेशों में फंसे यात्रियों निकालने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
- जरूरत पड़ने पर एयरलाइंस अतिरिक्त क्षमता तैनात कर रही हैं और विदेशी नागरिक उड्डयन प्राधिकरणों व भारतीय मिशनों के साथ मिलकर सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्री आवागमन सुनिश्चित किया जा रहा है।
इंडिगो भी 10 उड़ानों के साथ तैयार
- इंडिगो ने 3 मार्च 2026 को जेद्दा से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानों की योजना बनाई है। ये आवश्यक मंजूरियों और मौजूदा एयरस्पेस स्थिति के अधीन होंगी।
- यात्रियों की सुविधा के लिए इंडिगो जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ समन्वय कर रही है। भारत और खाड़ी देशों के बीच उड़ान भरने वाली विदेशी एयरलाइंस भी परिचालन और एयरस्पेस स्थितियों को ध्यान में रखते हुए सीमित सेवाएं संचालित कर रही हैं।
आज 357 उड़ानें रद्द, हेल्पलाइन नंबर जारी
मिडिल ईस्ट तनाव के कारण सोमवार को निर्धारित 357 उड़ानों को रद्द कर किया गया। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने बताया कि यात्रियों को राहत देने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही एयरसेवा पोर्टल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समर्पित हेल्पलाइन कॉल्स के जरिए कुल 559 शिकायतों का समाधान किया गया है। सहायता के लिए यात्री मंत्रालय के PACR हेल्पलाइन नंबर 011-24604283 और 011-24632987 पर संपर्क कर सकते हैं।













