खामेनेई की तस्वीर से सुलगा रहीं सिगरेट
ईरानी महिलाएं अंजाम की परवाह किए बिना अली खामेनेई की तस्वीर जला रही हैं और फिर उससे सिगरेट सुलगाते हुए वीडियो बना रही हैं। यह डेवलपमेंट ऐसे समय में हुआ है, जब 86 साल के खामेनेई के खिलाफ लोग बिना अंजाम की परवाह किए सड़कों पर उतर रहे हैं। ये प्रदर्शन मंहगाई और अर्थव्यवस्था की बिगड़ती हालत को लेकर शुरू हुए थे। जल्द ही ये खामनेई शासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़े आंदोलन में बदल गए।
विरोध का बना नया प्रतीक
सड़कों पर खामेनेई मुर्दाबाद के नारों के बीच सुप्रीम लीडर की जलती हुई तस्वीर से सिगरेट जलाती महिलाएं विरोध का नया प्रतीक बन गई हैं। इन महिलाओं की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है। ईरानी कानून के अनुसार, सु्प्रीम लीडर की तस्वीरों को जलाना या खराब करना एक गंभीर अपराध है। इसके साथ ही ईरान के सामाजिक और धार्मिक नियमों के तहत सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं के धूम्रपान करने को लंबे समय से प्रतिबंधित किया गया है।
हालांकि, इस तरह का विरोध नया नहीं है। 2022 में हुए बड़े विरोध प्रदर्शनों के दौरान भी ऐसा ही देखा गया था। 22 साल की महिसा अमिनी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद ईरान में भीषण प्रदर्शन शुरू हो गए थे। अमिनी को ईरानी अधिकारियों ने अनुचित कपड़े पहनने के आरोप में गिरफ्तार किया था।













