कप्तान जतिंदर सिंह का आक्रामक रुख
पल्लेकेले में शुक्रवार को होने वाले मुकाबले से पहले जतिंदर सिंह आत्मविश्वास से भरे दिखे। उन्होंने कहा कि टी20 मोमेंटम का खेल है और अगर ओमान ने सही पलों को भुनाया, तो वे कुछ भी कर सकते हैं। जतिंदर ने सीधे तौर पर कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया इस समय अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है और उनके कैंप में निराशा का माहौल है। यह उन्हें हराने या कहें कि कुचलने का सबसे अच्छा समय है। हमारे लड़के अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं।’
ऑस्ट्रेलिया के लिए साख की लड़ाई
ऑस्ट्रेलिया के लिए ओमान के खिलाफ इस मैच में खोने के लिए बहुत कुछ है लेकिन पाने के लिए सिर्फ अपना सम्मान बचाना है। टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ही काफी दबाव में है। जतिंदर को उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया की इस मानसिक स्थिति का फायदा ओमान को मिलेगा और वे 2024 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार का बदला ले पाएंगे।
ओमान क्रिकेट के भविष्य पर कप्तान की राय
ओमान की टीम को भविष्य में और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए जतिंदर ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट की वकालत की है। उन्होंने बताया कि ओमान के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव दिलाने के लिए उन्हें दुनिया भर की लीग्स में खेलने के मौके मिलने चाहिए। जतिंदर के अनुसार, 2025 में ओमान को बहुत कम प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने को मिला, जिससे अन्य बड़ी टीमों और उनके बीच का अंतर बढ़ गया है। उन्होंने अन्य देशों से ओमान आकर खेलने की अपील भी की ताकि टीम की गुणवत्ता में सुधार हो सके।













