धोनी की टीम इंडिया को चेतावनी
साल 2007 में भारत को टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने वाले पहले भारतीय कप्तान एमएस धोनी मान रहे हैं कि मौजूदा भारतीय टीम बहुत ही खतरनाक है, लेकिन ओस वो फैक्टर है जो सारे समीकरण बिगाड़ देता है। धोनी ने एक कार्यक्रम में मौजूदा टीम की संभावनाओं के बारे में कहा, ‘एक अच्छी टीम के लिए जो कुछ भी चाहिए, वह सब इस टीम में मौजूद है। खिलाड़ियों के पास अनुभव है, खासकर इस फॉर्मेट में उनका अनुभव बहुत बड़ा है। वे दबाव में खेल चुके हैं।’
धोनी को जिस एक चीज की सबसे ज्यादा चिंता है, वह है ओस, जो रात के मैच में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम के पक्ष में संतुलन झुका सकती है। उन्होंने कहा, ‘जो बात मुझे परेशान करती है वो ओस है। मुझे ओस से नफरत है। ओस बहुत कुछ बदल देती है। जब मैं खेलता था तब भी ओस एक ऐसी चीज थी जो मुझे सच में डराती थी, क्योंकि इससे टॉस बहुत अहम हो जाता है और कई चीजें उसी पर निर्भर करने लगती है।’ दरअसल टीम इंडिया साल 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में भी कमाल के फॉर्म में नजर आ रही थी, लेकिन ओस के कारण टीम इंडिया को सेमीफाइनल मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
‘रो-को’ पर भी दी राय
धोनी से जब रोहित और कोहली के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने की संभावना को लेकर बात हुई तो धोनी ने कहा, ‘क्यों नहीं। किसी को विश्व कप क्यों नहीं खेलना चाहिए। मेरे लिए उम्र कोई मापदंड नहीं है। मेरे लिए प्रदर्शन और फिटनेस ही मापदंड है। मेरा मानना है कि किसी को कुछ भी बताने की जरूरत नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘वे अगला विश्व कप खेल सकते है या नहीं, यह तय करना हमारा काम नही है। यह उनका काम है। अगर वे अच्छा खेलते रहते हैं। अगर उनमें अच्छा प्रदर्शन करने की इच्छा है, तो फिर वे क्यों नही खेल सकते।’ धोनी हमेशा से इन दोनों खिलाड़ियों का समर्थन करते रहे हैं।













